लूट मामले में 24 घंटे बाद भी सफलता नहीं, खुलासे के लिए विशेष टीम गठित

पटना के हार्डवेयर व्यवसायी से लूट एवं युवक को गोली मारने के मामले का पर्दाफाश करने के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन एसडीपीओ विवेक दीप के नेतृत्व में किया गया है.
बेतिया.पटना के हार्डवेयर व्यवसायी से लूट एवं युवक को गोली मारने के मामले का पर्दाफाश करने के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन एसडीपीओ विवेक दीप के नेतृत्व में किया गया है. हालांकि अभी तक टीम को कोई खास सफलता हाथ नहीं लगी है, लेकिन विभिन्न आसूचना तंत्र एवं तकनीकी सेल की मदद से पुलिस जल्द हीं सुराग पा लेने का दावा कर रही है. बता दें कि सोमवार को एनएच 727 पर बेतिया-मोतिहारी पथ पर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नगर निगम के कचरा डंपिंग प्वाइंट के समीप सोमवार की दोपहर पटना के हार्डवेयर व्यवसायी मोहन तिवारी से दो लाख 88 हजार रुपये हथियारबंद अपराधियों ने लूट लिया और पीछा कर रहे युवक मंजीत यादव को गोली मार उसी के बाइक से फरार हो गये. घटना के 24 घंटा से ज्यादा का वक्त बीत जाने के बाद भी पुलिस को कोई खास सफलता हाथ नहीं लगी है. हालांकि अपराधियों के घर पकड़ के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. सोमवार की रात भी कई ठिकानों पर छापामारी की गयी. पूर्व के लूटकांड में गिरफ्तार कर जेल भेजे गये कई संदिग्धों से भी पूछताछ की गयी है, लेकिन अभी तक पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है. अपराधियों की पहचान भी नहीं हो सकी है. इस लूटकांड में पुलिस पड़ोसी जिला पूर्वी चंपारण और गोपालगंज जिले के पुलिस से भी समन्वय बनाकर वहां के भी संदिग्धों पर नजर रखे हुए है. तकनीकी सेल से भी मदद लिया जा रहा है. बावजूद अब तक इस घटना में शामिल अपराधी पुलिस की पकड़ से बाहर है. व्यवसायी ने दर्ज करायी प्राथमिकी: इस लूटकांड में व्यवसायी के शिकायत पर मुफस्सिल पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है. प्राथमिकी में दो अज्ञात अपराधियों को आरोपित किया गया है. व्यवसायी ने पुलिस से दो लाख 88 हजार रुपये लूटे जाने की बात बताई है. व्यवसायी ने बताया कि वे मोतिहारी से रुपया कलेक्शन कर बस से बेतिया आ रहे थे. छपवा में दोनों अपराधी बस में सवार हुए. रास्ते में घटना को अंजाम दिया. इधर अपराधियों के गोली से घायल मझौलिया के थरेसरी निवासी मिठाई दुकानदार मंजीत यादव का इलाज गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है. चिकित्सकों ने उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




