नेपाल में बारिश का असर, मनियारी नदी का जलस्तर बढ़ा, गाइड बांध नहीं बनने से ग्रामीणों में दहशत

Updated:
विज्ञापन
सिर्फ डिजिटल के लिए...नेपाल में बारिश, नरकटियागंज में बढ़ा मनियारी-जमुआ का कहर: गाइड बांध नहीं बनने से सहमे ग्रामीण, सरेह में फैला पानी, धान का बिचड़ा डूबा

कुंडिलपुर में सरेह में फैला जमुआ नदी का पानी

नेपाल और नरकटियागंज में लगातार हो रही बारिश का असर अब पश्चिम चंपारण में दिखने लगा है. मनियारी नदी का जलस्तर बढ़ने से खेतों में पानी भर गया है और कई गांवों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है. गाइड बांध का निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है.

विज्ञापन

Bettiah News: नेपाल के जलग्रहण क्षेत्र और नरकटियागंज इलाके में लगातार हो रही बारिश का असर अब पश्चिम चंपारण में दिखाई देने लगा है. मनियारी नदी और जमुआ नाला का जलस्तर तेजी से बढ़ने से खेतों और सरेह में पानी फैल गया है. धान की बिचड़ा डूबने लगी है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है. वहीं गौरीपुर मंझरिया, कुंडिलपुर, बरगजवा समेत दर्जनभर गांवों में बाढ़ की आशंका से लोगों में दहशत का माहौल है.

ग्रामीणों की सबसे बड़ी चिंता यह है कि हर वर्ष तबाही मचाने वाली मनियारी नदी पर इस बार भी गाइड बांध का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है. 11 जून को स्थानीय विधायक संजय कुमार पांडेय ने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के साथ प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण कर जल्द काम शुरू करने का निर्देश दिया था, लेकिन एक महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ.

हर साल बाढ़ और कटाव से झेलनी पड़ती है तबाही

कुंडिलपुर, शिकारपुर, भसुरारी, बरवा बरौली, भेड़िहरवा पंचायत सहित आसपास के गांवों के लोगों का कहना है कि मनियारी नदी और जमुआ नाला हर साल बाढ़ और कटाव से भारी नुकसान पहुंचाते हैं. खेत, सड़कें और फसलें जलमग्न हो जाती हैं, जबकि कई गांवों का संपर्क भी टूट जाता है.

पैक्स अध्यक्ष मुरारी कुशवाहा ने कहा कि हर साल बाढ़ आने के बाद ही प्रशासन और जल संसाधन विभाग सक्रिय होता है, जबकि स्थायी समाधान की दिशा में समय रहते कोई ठोस पहल नहीं की जाती.

गाइड बांध निर्माण नहीं होने से बढ़ी चिंता

ग्रामीण रामेश्वर कुशवाहा, दयासिंधु कुमार, आशा देवी और मुसर्रत बेगम ने बताया कि पानी का स्तर बढ़ते ही गांवों में भय का माहौल बन गया है. वहीं किसान अखिलेश चौबे, चिंतामणि प्रसाद, राजेश जायसवाल और रत्नेश गिरी ने कहा कि विधायक के निरीक्षण के बाद उम्मीद जगी थी कि मानसून से पहले गाइड बांध का निर्माण शुरू हो जाएगा, लेकिन अब तक मौके पर कोई तैयारी नजर नहीं आ रही है.

ग्रामीणों ने की तत्काल सुरक्षा कार्य शुरू कराने की मांग

ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यदि अगले कुछ दिनों तक नेपाल में बारिश जारी रही और मनियारी नदी व जमुआ नाला का जलस्तर और बढ़ा तो कई गांव बाढ़ की चपेट में आ सकते हैं. इससे फसलों के साथ-साथ आवागमन भी प्रभावित होगा. लोगों ने प्रशासन और जल संसाधन विभाग से तत्काल अस्थायी सुरक्षा कार्य शुरू कराने तथा गाइड बांध निर्माण में तेजी लाने की मांग की है.

यह भी पढ़ें: मानदेय भुगतान में देरी पर भड़कीं आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाएं, आंदोलन का ऐलान


विज्ञापन
सतीश कुमार पांडेय

लेखक के बारे में

By सतीश कुमार पांडेय

सतीश कुमार पांडेय ने वर्ष 2000 में जी न्यूज से पत्रकारिता की शुरुआत की. इन्होंने चर्चित दस्यु सरगनाओं की रिपोर्टिंग की. बाद में आज और दैनिक जागरण में कार्य किया. वर्ष 2016 से वें प्रभात खबर में कार्यरत हैं. इन्हें क्राइम, प्रशासनिक, राजनीतिक, सामाजिक तथा खेती-किसानी से जुड़ी खबरों में विशेष रुचि रही है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन