दलित बस्ती में आज तक नहीं पहुंचा नल-जल योजना का पानी, दूषित पानी पीने को मजबूर ग्रामीण

Updated:
विज्ञापन

पानी टंकी का इंतजार कर रहा बोरिंग | Prabhat Khabar Network

बेतिया के नौतन प्रखंड में नल-जल योजना की बदहाली का खामियाजा दलित बस्ती भुगत रही है. आजादी के सात दशक बीत जाने के बाद भी शुद्ध पेयजल नसीब नहीं हुआ है. ग्रामीणों को मजबूरी में दूषित चापाकल का पानी पीना पड़ रहा है.

विज्ञापन

Bettiah News: नौतन प्रखंड की ग्राम पंचायत खड्डा भंगहा के वार्ड संख्या 11 स्थित भंगहा पासवान टोला में आजादी के सात दशक से अधिक समय बीत जाने के बाद भी लोगों को शुद्ध पेयजल की सुविधा नहीं मिल सकी है. नल-जल योजना के तहत पाइपलाइन बिछाई गई, लेकिन दलित बस्ती तक आज तक एक बूंद भी पानी नहीं पहुंच पाया है. इससे ग्रामीणों में नाराजगी है.

ग्रामीणों के अनुसार पूर्व मुखिया प्यारी देवी के कार्यकाल में वार्ड के शेखटोली गांव में बोरिंग कराई गई थी, लेकिन वहां से दलित बस्ती तक कभी पानी की आपूर्ति नहीं हो सकी. समय के साथ पाइपलाइन भी जर्जर हो गई, जिससे समस्या और बढ़ गई.

नई बोरिंग के बाद भी अधूरी है योजना

ग्रामीण दशरथ पासवान, अमीर पासवान, मुन्ना पासवान, राजेश पासवान और लाल बिहारी पासवान समेत अन्य लोगों ने वर्तमान मुखिया रीति देवी से दलित बस्ती में नया बोरिंग कराने की मांग की थी. इसके बाद पंचायत की ओर से पीएचईडी विभाग को प्रस्ताव भेजा गया.

प्रस्ताव के आधार पर करीब दो महीने पहले बस्ती में नई बोरिंग कराई गई. इससे ग्रामीणों को उम्मीद जगी कि अब उन्हें शुद्ध पेयजल मिलेगा, लेकिन अब तक वहां पानी की टंकी नहीं लगाई गई है. इसके कारण बोरिंग होने के बावजूद जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी.

दूषित पानी पीने को मजबूर ग्रामीण

ग्रामीणों का कहना है कि शुद्ध पेयजल उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें चापाकल का दूषित पानी पीना पड़ रहा है. इससे पेट संबंधी बीमारियों समेत अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बना हुआ है. उन्होंने विभाग से जल्द पानी टंकी लगाकर योजना शुरू करने की मांग की है.

विभाग का पक्ष नहीं मिल सका

इस संबंध में पीएचईडी विभाग के कनीय अभियंता आशुतोष कुमार से उनका पक्ष जानने के लिए कई बार फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी. इस कारण उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो पाया.

यह भी पढ़ें: पंचायत चुनाव की तैयारियों में जुटी आम आदमी पार्टी, जिला कार्यकारिणी की बैठक में बनी रणनीति


विज्ञापन
राजकुमार पासवान

लेखक के बारे में

By राजकुमार पासवान

राजकुमार पासवान वर्ष 2001 से पश्चिम चंपारण के नौतन प्रखंड में सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं. इन्होंने दस्यु सरगनाओं के आतंक, कानून-व्यवस्था और सामाजिक सरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर अपनी अलग पहचान बनाई. वर्तमान में वे प्रभात खबर से संवाददाता के रूप में जुड़े हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन