नहाय खाय आज, चार दिनी छठ महापर्व शुरु

प्रकृति एवं सूर्य उपासना व लोक आस्था के महापर्व छठ का चार दिवसीय अनुष्ठान आज शनिवार से शुरू हो रहा है.
बेतिया. प्रकृति एवं सूर्य उपासना व लोक आस्था के महापर्व छठ का चार दिवसीय अनुष्ठान आज शनिवार से शुरू हो रहा है. धार्मिक विद्वानों के मुताबिक छठ पूजा का आरंभ कार्तिक शुक्ल चतुर्थी से होता है तथा कार्तिक शुक्ल सप्तमी को इसका समापन होता है. प्रथम दिन शनिवार को नहाय खाय के रुप में मनाया जाएगा. नहाय खाय के दूसरे दिन कार्तिक शुक्ल पंचमी को खरना किया जाता है. पंचमी को दिनभर खरना का व्रत रखने वाले व्रती शाम के समय गुड़ से बनी खीर, रोटी और फल का सेवन प्रसाद के रूप में करेंगे. सुख, समृद्धि व मनोकामनाओं की पूर्ति का यह पर्व सभी जाति के लोग समान रूप से मनाते हैं. प्राचीन धार्मिक संदर्भ में यदि इस पर गौर करें तो पाएंगे कि छठ पूजा का आरंभ महाभारत काल के समय से देखा जा सकता है. षष्ठी देवी सूर्य देव की बहन हैं और उन्हीं को प्रसन्न करने के लिए भगवान सूर्य की आराधना की जाती हैं तथा किसी भी नद, पोखर या पानी में खड़े होकर यह पूजा संपन्न की जाती हैं. छठ को लेकर साड़ी की दुकानों के साथ साथ चूड़ी लहठी की दुकानों पर भी महिलाओं की अप्रत्याशित भीड़ देखी जा रही हैं. चूड़ी लहठी दुकानदारों ने बताया कि जयपुरी लहठी के साथ साथ कामदार शीशे वाली चूड़ी की मांग हैं. लाल बाजार स्थित बहुरानी शॉपी के विवेक झुनझुनवाला ने बताया कि महिलाएं डोला सिल्क व कांजीवरम साड़ी ज्यादा पसंद कर रही हैं. वहीं युवतियां सूट, शरारा गरारा, क्राप टॉप व अफगानी सूट तथा बच्चों के लिए रेडिमेड किड्स वियर की खरीदारी की जा रही हैं. उन्होंने बताया कि त्योहारी मौसम को देखते हुए बहुरानी शॉपी में रेडिमेड के साथ साथ फैंसी और आकर्षक स्टॉक उपलब्ध हैं. महिलाओं और युवतियों की मांग के मुताबिक चिमकी, स्टोन व जरी वर्क वाले कपड़े, वन पीस कामदार सूट, लहंगा का भरपूर स्टॉक हैं. —————– छठ पर्व से पूर्व बाजार में भीड़ से बेहाल रहे शहरवासी छठ पर्व की खरीदारी को लेकर शहर के बाजार में बढ़ी भीड़ के कारण शहरवासी बेहाल दिख रहे हैं. खासकर तीन लालटेन चौक से लाल बाजार, सोआ बाबू चौक व मीना बाजार तक भीड़ के कारण वाहनों को रेंगना पड़ रहा है. पैदल आवागमन में भी लोगों को परेशानी हो रही है. अतिरिक्त पुलिस जवानों की तैनाती नहीं होने और ई रिक्शा, ऑटो तथा चार पहिया वाहनों के लिए इंट्री, नो इंट्री या वन वे का प्रावधान नहीं होने के कारण बाजार में भीड़ की समस्या उत्पन्न हो रही है. शहर के बाजारों में खरीदारी को लेकर दुकानों के बाहर लगे बोर्ड्स व स्टॉल के साथ बाइकों की बेतरतीब पार्किंग से शहरवासी हलकान दिख रहे हैं. ————- बाजार में फलों की भरमार, खूब बिका कद्दू छठ के कारण बाजार में फलों की भरमार है. कीमतों में बढ़ोतरी भी हुई है. शुक्रवार को केला 60 से 80 रूपये दर्जन, राजा-रानी सेव 100 से 120 रूपया किलो, डेली सेव 100 रूपया किलो, नारंगी 100 रूपया किलो, नाशपाती 40 रूपया पीस, अनानास 50 से 60 रूपया किलो, गागल 50 से 80 रूपया पीस तथा कद्दू 60 से 80 रूपया पीस की दर से बिका. ————– – छठ पूजा तिथि नहाय खाय : 25 अक्तूबर, शनिवार खरना : 26 अक्तूबर, रविवार संध्या अर्घ्य : 27 अक्तूबर, सोमवार पारणा : 28 अक्तूबर, मंगलवार
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




