बगहा के अस्पतालों का मंत्री ने किया औचक निरीक्षण, गंदगी और अव्यवस्था पर जताई नाराजगी

Updated:
विज्ञापन

मरीज से पूछताछ करते मंत्री नंदकिशोर राम

बिहार के मंत्री नंदकिशोर राम ने बगहा पहुंचकर पशु अस्पताल और अनुमंडलीय अस्पताल का निरीक्षण किया. उन्होंने अस्पतालों में व्याप्त गंदगी, अतिक्रमण और दवाओं की कमी पर गहरी नाराज़गी व्यक्त की.

विज्ञापन

Bagaha News: बिहार सरकार के डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के मंत्री नंदकिशोर राम ने सोमवार को बगहा पहुंचकर प्रथम वर्गीय पशु अस्पताल, बगहा-1 और अनुमंडलीय अस्पताल का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान दोनों अस्पतालों में साफ-सफाई की बदहाल व्यवस्था और अन्य अनियमितताओं पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.

पशु अस्पताल में अतिक्रमण और गंदगी पर जताई नाराजगी

मंत्री सबसे पहले प्रथम वर्गीय पशु अस्पताल पहुंचे. यहां अस्पताल परिसर में गंदगी, अतिक्रमण तथा निर्माण सामग्री रखे जाने पर उन्होंने कड़ी आपत्ति जताई. उन्होंने जिला पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों को अस्पताल की भूमि का सीमांकन कर शीघ्र चहारदीवारी निर्माण कराने का निर्देश दिया.

निरीक्षण के दौरान अस्पताल का मुख्य प्रवेश द्वार बंद मिला, जिसे सुरक्षा कर्मियों ने खुलवाया. मंत्री ने नाइट गार्ड गोपीचंद यादव से दवा भंडार, उपचार संबंधी उपकरणों और उपलब्ध दवाओं की जानकारी ली. दवाओं एवं इंजेक्शन की कमी पर उन्होंने आवश्यक आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा. इस दौरान चिकित्सक डॉ. संजय कुमार अनुपस्थित मिले.

अनुमंडलीय अस्पताल में मरीजों से ली जानकारी

इसके बाद मंत्री अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने आपातकालीन वार्ड का निरीक्षण किया और मरीजों एवं उनके परिजनों से निशुल्क दवा एवं इलाज की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली. उन्होंने दवा वितरण काउंटर और ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. रामप्रवेश भारती से भी अस्पताल की व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की.

गंदी चादर और साफ-सफाई की बदहाल व्यवस्था पर निर्देश

निरीक्षण के दौरान मरीजों के बेड पर गंदी चादर और अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की खराब स्थिति देखकर मंत्री ने नाराजगी जताई. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था सुधारने का निर्देश दिया.

अस्पताल प्रबंधक की अनुपस्थिति पर कार्रवाई का निर्देश

अस्पताल प्रबंधक के अनुपस्थित रहने तथा नियमित रूप से अस्पताल नहीं आने की शिकायत मिलने पर मंत्री ने जिला पदाधिकारी को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि अस्पतालों में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी.

यह भी पढ़ें: श्रावणी मेला में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम, हलेश्वर स्थान पर बना अस्थायी थाना


विज्ञापन
चंद्रप्रकाश आर्य

लेखक के बारे में

By चंद्रप्रकाश आर्य

चंद्रप्रकाश आर्य वर्ष 2006 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं . उन्होंने दैनिक प्रभात खबर से अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत की और तभी से निष्पक्ष, तथ्यपरक तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं .वर्तमान में वे प्रभात खबर, बगहा कार्यालय में सहायक के रूप में कार्यरत हैं .सामाजिक, अपराध, राजनीति और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर उनकी विशेष पकड़ मानी जाती है .अपनी निष्पक्ष रिपोर्टिंग, तथ्य आधारित समाचारों और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने लाने के कारण उन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है .

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन