पश्चिम चंपारण में शिक्षक संघ की चेतावनी, अधिशेष शिक्षकों के स्थानांतरण नियमों में सुधार नहीं हुआ तो होगी कानूनी लड़ाई

एकजुट शिक्षक
पश्चिम चंपारण में अधिशेष शिक्षकों के स्थानांतरण को लेकर शिक्षक संघ ने नियमों में सुधार की मांग की है. संघ ने दो दिनों के भीतर नियमावली में सुधार न होने पर पटना हाईकोर्ट जाने की चेतावनी दी है. शिक्षकों से फिलहाल स्थानांतरण के लिए आवेदन नहीं करने की अपील की गई है.
West Champaran West Champaran: पश्चिम चंपारण में अधिशेष शिक्षकों के स्थानांतरण को लेकर शिक्षक संघ ने कड़ा रुख अपनाया है. बीआरसी दहवा में आयोजित प्राथमिक शिक्षक संघ की बैठक में शिक्षकों ने स्थानांतरण प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए नियमों में संशोधन की मांग की. संघ ने चेतावनी दी है कि यदि दो दिनों के भीतर नियमावली में सुधार नहीं किया गया, तो मामला पटना हाईकोर्ट ले जाया जाएगा.
बैठक में उठा स्थानांतरण का मुद्दा
प्राथमिक शिक्षक संघ की बैठक की अध्यक्षता रंजीत प्रसाद यादव ने की. बैठक में अधिशेष शिक्षकों के कथित जबरन स्थानांतरण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया.
शिक्षकों ने कहा कि स्थानांतरण प्रक्रिया पूरी तरह विभागीय नियमों के अनुरूप और पारदर्शी होनी चाहिए.
जिला सचिव ने दी हाईकोर्ट जाने की चेतावनी
प्राथमिक शिक्षक संघ, पश्चिम चंपारण के जिला सचिव आशुतोष कुमार सिंह ने कहा कि अधिशेष शिक्षकों के स्थानांतरण को लेकर जारी नियमावली में यदि दो दिनों के भीतर आवश्यक सुधार नहीं किया गया, तो शिक्षक संघ पटना हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएगा.
उन्होंने कहा कि शिक्षकों के हितों की अनदेखी किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी.
शिक्षकों से की यह अपील
बैठक के दौरान जिला सचिव ने सभी शिक्षकों से फिलहाल स्थानांतरण के लिए आवेदन नहीं करने की अपील की.
बैठक में मौजूद शिक्षकों ने इस प्रस्ताव का समर्थन करते हुए कहा कि संगठन के निर्णय के साथ सभी शिक्षक मजबूती से खड़े रहेंगे और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन व कानूनी लड़ाई में पूरा सहयोग देंगे.
बैठक में ये शिक्षक रहे मौजूद
बैठक में अजय बहादुर सिंह, ओमप्रकाश बैठा, रामनाथ सिंह, जमील अख्तर, रमेश मिश्रा, प्रभुनाथ शर्मा, रामाशीष गोर, अजय तिवारी, जलालुद्दीन अंसारी सहित कई शिक्षक उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










