एयरपोर्ट से कपड़ा मंडी में आयेगी आर्थिक क्रांति, धार्मिक पर्यटन होगा समृद्ध

मुजफ्फरपुर में बहुप्रतीक्षित एयरपोर्ट का निर्माण शुरू हो गया है, जो व्यापार और पर्यटन के लिए एक नए युग की शुरुआत करेगा। यह उत्तर बिहार की अर्थव्यवस्था के लिए एक बड़ा मील का पत्थर साबित होगा।
मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट: उत्तर बिहार की अघोषित राजधानी और लीची के शहर मुजफ्फरपुर ने विकास के रनवे पर अपनी नयी दौड़ शुरू कर दी है. मुजफ्फरपुर में बहुप्रतीक्षित एयरपोर्ट के निर्माण का काम विधिवत रूप से शुरू हो गया है. इस एयरपोर्ट का निर्माण केवल परिवहन के एक नये साधन की शुरुआत नहीं है, बल्कि यह मुजफ्फरपुर सहित पूरे उत्तर बिहार की अर्थव्यवस्था में एक नये युग का ओज है. विशेषकर मुजफ्फरपुर की प्रसिद्ध और राज्य की सबसे बड़ी कपड़ा मंडी के लिए यह एक संजीवनी साबित होने वाला है. वहीं, उत्तर बिहार के धार्मिक पयर्टन को भी बल मिलेगा.
कपड़ा मंडी में आयेगी आर्थिक समृद्धि
मुजफ्फरपुर को उत्तर बिहार का सबसे बड़ा व्यावसायिक केंद्र माना जाता है. सूतापट्टी, मोतीझील और कल्याणी जैसी यहां की कपड़ा मंडियां केवल बिहार ही नहीं, बल्कि पड़ोसी देश नेपाल तक के लिए थोक व्यापार का मुख्य केंद्र हैं. एयरपोर्ट के बन जाने और हवाई जहाजों का परिचालन शुरू होने से इस मंडी में बड़े खरीदारों और निवेशकों की सीधी पहुंच होगी. वर्तमान में सूरत, अहमदाबाद, मुंबई या दिल्ली के बड़े कपड़ा व्यापारियों और टेक्सटाइल निर्माताओं को मुजफ्फरपुर आने के लिए पहले पटना आना पड़ता है और फिर सड़क मार्ग से मुजफ्फरपुर आना पड़ता है, जो समय लेने वाला और थकाऊ है. एयरपोर्ट बनने से बड़े व्यापारी सीधे मुजफ्फरपुर आ सकेंगे. इससे समय की बचत होगी और बिजनेस-टू-बिजनेस मॉडल व्यापार में वृद्धि होगी.
बड़ी कंपनियां होंगी आकर्षित
मुजफ्फरपुर में हवाई मार्ग से एयर कार्गो सुविधा शुरू होने पर लेटेस्ट ट्रेंड और फैशन के कपड़े महज कुछ घंटों में बड़े महानगरों से मुजफ्फरपुर की मंडी में पहुंच जायेंगे. इससे व्यापारियों का स्टॉक टर्नओवर तेजी से होगा और उनका मुनाफा बढ़ेगा. मुजफ्फरपुर में पहले से ही बेला औद्योगिक क्षेत्र में लेदर और टेक्सटाइल पार्क विकसित हो रहा है. एयरपोर्ट होने से बाहर की बड़ी कंपनियां यहां अपने रेडीमेड गारमेंट के कारखाने लगाने के लिए आकर्षित होंगी. इससे स्थानीय स्तर पर कच्चे माल का आयात और तैयार कपड़ों का निर्यात बेहद आसान हो जायेगा.
नेपाल और पूर्वोत्तर राज्यों के व्यापार में होगी वृद्धि
हवाई सुविधाएं बढ़ने से नेपाल और पूर्वोत्तर राज्यों के व्यापार में वृद्धि होगी. केवल सूतापट्टी में 650 से अधिक दुकानें संचालित हैं, जहां सालाना टर्नओवर अरबों का है. यह मंडी पूरे उत्तर बिहार के 10 से अधिक जिलों और पड़ोसी देश नेपाल के सीमावर्ती बाजारों के कपड़ा व्यापार को नियंत्रित करती है. एयरपोर्ट बनने से इस टर्नओवर में 25% से 30% की वार्षिक वृद्धि का अनुमान है.
कपड़ा मंडी के अलावा इन क्षेत्रों की भी बदलेगी तस्वीर
एयरपोर्ट का असर केवल कपड़ा बाजार तक सीमित नहीं रहेगा. यह मुजफ्फरपुर और आसपास के जिलों की पूरी सामाजिक-आर्थिक तस्वीर को बदल कर रख देगा. मुजफ्फरपुर की शाही लीची पूरी दुनिया में मशहूर है. एयर कार्गो की मदद से यहां की लीची, मखाना और अन्य कृषि उत्पाद देश-विदेश के बाजारों में एकदम ताजे पहुंचेंगे, जिससे सीधे तौर पर किसानों की आय बढ़ेगी. एयरपोर्ट शुरू होते ही शहर में कॉर्पोरेट और वीआइपी मूवमेंट बढ़ेगा. इसके लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के होटलों, रेस्तरां और रिसॉर्ट्स का निर्माण तेजी से होगा. साथ ही कमर्शियल और रेजिडेंशियल रियल एस्टेट सेक्टर में भी भारी तेजी आयेगी.
धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए इस पूरे क्षेत्र के पवित्र और ऐतिहासिक स्थलों का मुख्य प्रवेश द्वार बनने जा रहा है. जगत जननी मां सीता की पावन प्राकट्य स्थली पुनौराधाम (सीतामढ़ी) जानेवाले श्रद्धालुओं के लिए यह एयरपोर्ट सबसे नजदीक माध्यम बनेगा. राम-सीता भक्त सीधे हवाई मार्ग से मुजफ्फरपुर उतरकर महज एक से डेढ़ घंटे में मां जानकी के दर्शन कर सकेंगे. पुनौराधाम को अयोध्या की तर्ज पर विश्व स्तरीय धार्मिक पर्यटन हब बनाने के लिए 882 करोड़ का मेगा प्लान तैयार किया गया है, जिससे सालाना पर्यटकों की संख्या में लाखों का इजाफा होगा.
वहीं, कैथवलिया (पूर्वी चंपारण) में बन रहे दुनिया के सबसे बड़े विराट रामायण मंदिर का अनुमानित बजट 500 करोड़ से 1,000 करोड़ के बीच है. इस ऐतिहासिक और विश्व के सबसे बड़े मंदिर को देखने के लिए भविष्य में करोड़ों पर्यटकों और शोधकर्ताओं का आना तय है. विराट रामायण मंदिर मुजफ्फरपुर के काफी करीब है. इसके पूरी तरह तैयार होने पर वैश्विक पर्यटन से सालाना करोड़ों रुपये का राजस्व स्थानीय स्तर पर पैदा होगा.
इसके अलावा वैशाली का ऐतिहासिक बौद्ध स्तूप व जैन तीर्थंकर भगवान महावीर की जन्मस्थली और मुजफ्फरपुर का ऐतिहासिक बाबा गरीबनाथ मंदिर (उत्तर बिहार का देवघर) भी अब देश के पर्यटन मानचित्र पर और मजबूती से उभरेंगे. राज्य सरकार और केंद्र सरकार के नये इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स से इसमें भारी आर्थिक बदलाव आ रहा है. आंकड़ों के अनुसार, बिहार में घरेलू (देसी) पर्यटकों का ग्राफ तेजी से बढ़ा है. वर्ष 2024-2025 के दौरान बिहार में रिकॉर्ड 6.30 करोड़ से 6.50 करोड़ से अधिक देसी पर्यटक और लगभग 7 लाख विदेशी पर्यटक पहुंचे. पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या में इस भारी इजाफे से स्थानीय स्तर पर होटलों, गाइडों, परिवहन और हस्तशिल्प (जैसे मुजफ्फरपुर की प्रसिद्ध लाह की चूड़ियां) के बाजार को अभूतपूर्व मजबूती मिलेगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था में उछाल आयेगा.
हवाई मार्ग से जुड़ने के बाद यह शहर अपने पारंपरिक व्यापारिक स्वरूप को आधुनिक और ग्लोबल टच दे सकेगा. कपड़ा मंडी में होनेवाले निवेश और व्यापारिक सुगमता से मुजफ्फरपुर न केवल उत्तर बिहार का बल्कि पूरे पूर्वी भारत का एक सबसे प्रमुख कमर्शियल हब बनकर उभरेगा. वहीं, उत्तर बिहार के धार्मिक पर्यटन को भी बल मिलेगा.
जानिए, एयरपोर्ट निर्माण को लेकर क्या कहते हैं शहर के बड़े व्यापारी-

मुजफ्फरपुर में एयरपोर्ट का निर्माण और हवाई परिचालन की शुरुआत पूरे उत्तर बिहार के व्यापारिक इतिहास का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित होनेवाली है. हमारी सूतापट्टी कपड़ा मंडी का दायरा बहुत बड़ा है. देश के बड़े कपड़ा निर्माता और ब्रांड्स सीधे मुजफ्फरपुर का रुख करेंगे, जिससे राष्ट्रीय स्तर की बेहतरीन कंपनियों के दफ्तर और सीएनएफ सीधे हमारे शहर में खुलेंगे. लॉजिस्टिक्स में तेजी आने और बड़े व्यापारियों की सीधी पहुंच होने से सूतापट्टी की कपड़ा मंडी के मौजूदा कारोबार में सीधे 25 से 30 प्रतिशत की शानदार वृद्धि दर्ज की जायेगी.

मुजफ्फरपुर के कपड़ा बाजार के लिए दूरी हमेशा से एक बड़ा फैक्टर रही है. देश में कपड़े की जो सबसे बड़ी फैक्ट्रियां और मैन्युफैक्चरिंग हब्स हैं, जैसे सूरत, मुंबई और अहमदाबाद वे मुजफ्फरपुर से लगभग 1,500 से 3,000 किलोमीटर की दूरी पर स्थित हैं. इतनी लंबी दूरी के कारण व्यापारियों के लिए बार-बार मंडियों का दौरा करना और नये स्टॉक को देखना काफी समय लेने वाला काम होता है. मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट से हवाई जहाजों का परिचालन शुरू होने के बाद इसका सीधा और बड़ा फायदा यह होगा कि हमारे व्यापारी फैशन के बदलते दौर के साथ कदम मिलाकर चल सकेंगे. देश के बड़े बाजारों में लॉन्च होने वाले बिल्कुल नये उत्पादों का सूतापट्टी के बाजार में आना बेहद आसान और तेज हो जायेगा. इससे मुजफ्फरपुर का कपड़ा बाजार हमेशा लेटेस्ट और अप-टू-डेट रहेगा.

मुजफ्फरपुर की सूतापट्टी कपड़ा मंडी केवल एक स्थानीय बाजार नहीं है, बल्कि यह अंतरराष्ट्रीय और अंतर-जिला व्यापार का एक बेहद मजबूत कॉरिडोर है. हमारी इस मंडी से न केवल नेपाल के तराई क्षेत्रों में कपड़ों का बड़े पैमाने पर निर्यात किया जाता है, बल्कि उत्तर बिहार के पूर्वी चंपारण, समस्तीपुर समेत लगभग 10 से अधिक जिलों की पूरी वस्त्र अर्थव्यवस्था इसी मंडी पर टिकी हुई है. मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट से हवाई जहाजों का परिचालन शुरू होने के बाद इस पूरे परिदृश्य में एक क्रांतिकारी बदलाव आयेगा. इससे हमारे अंतरराज्यीय व्यवसायों वृद्धि होगी और देश के बड़े टेक्सटाइल हब्स से मुजफ्फरपुर का सीधा जुड़ाव हो जायेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By पवन प्रत्यय
प्रभात खबर, मुजफ्फरपुर में स्थानीय संपादक. पत्रकारिता के 25 वर्षों का सफर जारी. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ न्यू मीडिया, कन्वर्जेंट जर्नलिज्म और डिजिटल एक्टिविज्म पर नजर और सीखने की कोशिश. राजनीति, सामाजिक बदलाव और पॉजिटिव खबरों में गहरी रुचि.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










