पूर्व कबड्डी खिलाड़ी की हत्या से दहला UP, गन्ने के खेत में मिला गोली लगा शव, कातिल की तलाश में जुटी पुलिस
UP में पूर्व कबड्डी खिलाड़ी की हत्या
UP Crime News: उत्तर प्रदेश के शामली जिले में पूर्व कबड्डी खिलाड़ी की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मजदूरों को लेने निकले 22 वर्षीय युवक का शव गन्ने के खेत में मिलने से सनसनी फैल गई. पुलिस हत्या की वजह की तलाश कर रही है.
UP Crime News: उत्तर प्रदेश के शामली जिले में शनिवार सुबह पूर्व कबड्डी खिलाड़ी मोहना उर्फ मोनू की गोली मारकर हत्या कर दी गई. बागपत निवासी 22 वर्षीय मोनू मजदूरों को लेने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा. कुछ देर बाद उसका शव कांधला थाना क्षेत्र के नाला गांव के पास गन्ने के खेत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी.
मजदूर लेने निकला, खेत में मिला शव
पुलिस के अनुसार, बागपत जिले के रमाला थाना क्षेत्र के ककड़ीपुर गांव निवासी मोहना उर्फ मोनू शनिवार सुबह करीब 5:15 बजे नाला गांव से मजदूरों को लेने के लिए घर से निकला था. काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश में जुट गए. इसी दौरान गांव नाला के रजबहे की पटरी के पास किसान परविंदर के गन्ने के खेत में उसका गोली लगा शव पड़ा मिला. किसान ने शव देखने के बाद डायल-112 पर सूचना दी.
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की जानकारी मिलते ही थाना कांधला पुलिस मौके पर पहुंची. इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला, क्षेत्राधिकारी कैराना हेमंत कुमार और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं
मृतक के पिता सुरेंद्र ने बताया कि मोनू अविवाहित था और पहले कबड्डी का खिलाड़ी रह चुका था. वर्तमान में वह अपनी जेसीबी पर काम करने के साथ खेतों में कीटनाशक दवाओं का छिड़काव भी करता था. फिलहाल हत्या के पीछे की वजह साफ नहीं हो सकी है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए