बगहा में इंसानियत शर्मसार! जामुन तोड़ने पर 5 मासूम बच्चों को रस्सी से बांधकर धूप में किया खड़ा, पुलिस ने छुड़ाया

Updated:
विज्ञापन
पेड़ में बंधक बने स्कूली बच्चे

पेड़ में बंधक बने स्कूली बच्चे

बगहा के हरनाटांड़ में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां राजकीय प्राथमिक विद्यालय के पांच बच्चों को जामुन चुनने पर एक महिला ने रस्सी से बांधकर कड़ी धूप में एक घंटे तक खड़ा रखा. सूचना पर पहुंची डायल-112 पुलिस ने बच्चों को मुक्त कराया, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है.

विज्ञापन

Bagaha News: बगहा-दो प्रखंड के हरनाटांड़ क्षेत्र में इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है. राजकीय प्राथमिक विद्यालय, बोदसर के पांच स्कूली बच्चों को जामुन चुनने के बाद कथित तौर पर एक महिला ने रस्सी से बांधकर करीब एक घंटे तक कड़ी धूप में खड़ा रखा. सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चों को मुक्त कराया.

घटना के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है.

मध्याह्न भोजन के बाद जामुन चुनने गए थे बच्चे

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को विद्यालय में मध्याह्न भोजन के बाद कुछ बच्चे स्कूल के पीछे जामुन चुनने चले गए थे.

आरोप है कि इसी बात से नाराज शांति देवी नामक महिला ने पांच बच्चों को पकड़ लिया और उन्हें रस्सी से बांध दिया.

एक घंटे से अधिक समय तक धूप में खड़े रखने का आरोप

प्रधान शिक्षक की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, बच्चों को दोपहर करीब 1 बजे से 2 बजकर 17 मिनट तक तेज धूप में खड़ा रखा गया.

इस दौरान बच्चों के साथ गाली-गलौज करने का भी आरोप लगाया गया है. लंबे समय तक धूप में खड़े रहने से कुछ बच्चों की तबीयत भी बिगड़ गई.

डायल-112 पुलिस ने पहुंचकर कराया मुक्त

घटना की जानकारी मिलने पर विद्यालय के प्रधान शिक्षक शैलेंद्र कुमार ने तत्काल डायल-112 पुलिस को सूचना दी.

पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चों को सुरक्षित मुक्त कराया. इसके बाद प्रधान शिक्षक ने लौकरिया थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपी महिला के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की.

प्रधान शिक्षक ने लगाए पहले से अभद्र व्यवहार के आरोप

अपने आवेदन में प्रधान शिक्षक ने उल्लेख किया है कि संबंधित महिला पहले भी विद्यालय के बच्चों और शिक्षकों के साथ अभद्र व्यवहार कर चुकी है.

उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की ओर से पूर्व में भी महिला की शिकायत की जा चुकी है.

पुलिस ने शुरू की जांच

लौकरिया थानाध्यक्ष रमन कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था और बच्चों को सुरक्षित छुड़ा लिया गया.

उन्होंने कहा कि मामले में लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है. पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

ग्रामीणों में नाराजगी

घटना के बाद इलाके में लोगों में गहरा आक्रोश है. ग्रामीणों का कहना है कि मासूम बच्चों के साथ इस तरह का व्यवहार किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है.

लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है.


विज्ञापन
Jay Prakash Verma

लेखक के बारे में

By Jay Prakash Verma

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन