चेहल्लुम और श्रावणी मेला साथ-साथ, प्रशासन ने तय किए अलग रूट, अधिकारियों को दिए अहम निर्देश

बैठक करती एसडीएम चांदनी कुमारी
बगहा अनुमंडल में चेहल्लुम पर्व और श्रावणी मेला के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है. एसडीएम चांदनी कुमारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में दोनों आयोजनों के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं. सुरक्षा, स्वास्थ्य और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया है.
Bagaha Administration: बगहा अनुमंडल कार्यालय में चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता एसडीएम चांदनी कुमारी ने की. इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, जुलूस मार्ग, यातायात, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य जरूरी तैयारियों की समीक्षा की गई.
बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने सुझाव भी रखे.
सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं पर रहा विशेष जोर
एसडीएम चांदनी कुमारी ने कहा कि पूर्व वर्षों की तरह इस वर्ष भी चेहल्लुम परंपरागत तरीके से मनाया जाएगा. प्रशासन की ओर से सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की जाएगी, ताकि पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके.
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को समय रहते अपनी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया.
बिजली, एंबुलेंस और अग्निशमन की रहेगी विशेष व्यवस्था
बैठक में अग्निशमन विभाग, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी और विद्युत प्रमंडल के अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पर्व के दौरान अग्निशमन वाहन, एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन संसाधन पूरी तरह तैयार रहें.
साथ ही जुलूस मार्ग पर कहीं भी जर्जर या लटकते बिजली के तार नहीं रहने चाहिए. इसके लिए आवश्यक मरम्मत कार्य समय पर पूरा करने का निर्देश दिया गया.
चेहल्लुम और श्रावणी मेला के लिए अलग-अलग मार्ग
बैठक में बताया गया कि श्रावणी मेला शुरू हो चुका है. ऐसे में कांवरियों और चेहल्लुम जुलूस के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए जाएंगे, ताकि भीड़ और यातायात की समस्या से बचा जा सके.
इस संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बगहा और रामनगर को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
मगरमच्छों को लेकर भी सतर्क रहने के निर्देश
एसडीएम ने बगहा, मदनपुर और वाल्मीकिनगर के रेंजरों को भी निर्देश दिया कि यात्रा मार्गों पर मगरमच्छों की संभावित मौजूदगी को देखते हुए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और आवश्यक सतर्कता बरती जाए.
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में डीएसपी (साइबर) बगहा, कार्यपालक पदाधिकारी सरोज बैठा, मुकेश कुमार, प्रदीप कुमार, विडडू राम, अजित कुमार, शैलेश कुमार, पटखौली थानाध्यक्ष उत्पल कांत, रामनगर अग्निशमन विभाग के पदाधिकारी, उपसभापति रश्मि रंजन, पूर्व सभापति प्रतिनिधि फिरोज आलम, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
बैठक के अंत में प्रशासन ने सभी लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










