मुख्य सड़क के 100 घरों व दुकानों पर चला नगर निगम का बुलडोजर,
Published by : SATISH KUMAR Updated At : 01 Aug 2025 6:52 PM
नगर निगम की ओर से सड़क व नाले से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है.
बेतिया. नगर निगम की ओर से सड़क व नाले से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है. इस क्रम में नगर के विभिन्न इलाकों में अतिक्रमणकारियों के खिलाफ शुक्रवार को नगर निगम ने फिर बड़ी कार्रवाई किया. शहर के मुख्य मार्ग पर सड़क व नाले को अतिक्रमण कर बनाए गए झोपड़ी, दुकानें, पान की गुमटी आदि को निगम के कर्मचारियों ने तहस-नहस कर दिया है. जानकारी के अनुसार मुख्य सड़क व नाले को अतिक्रमण कर निकाले गए घरों के सीढ़ियों और छज्जा को तोड़ दिया गया. कड़ी धूप के बावजूद पूर्व निर्धारित योजना के तहत निगम के कर्मचारी दलबल के साथ सड़क पर निकले और अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू हुई. किसी भी स्थिति से निबटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी. दो जेसीबी, ट्रैक्टर-ट्रेलर लेकर निगम के कर्मचारी सबसे पहले मीना बाजार के सोवाबाबू चौक पर पहुंचे और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू हुई. जेसीबी से सड़क पर निकाले गए सीढ़ियों को तोड़ा जाने लगा. कार्रवाई के दौरान दुकानदार अपने अपने सामान समेटने लगे. सोवाबाबू चौक से लाल बाजार, तीन लालटेन चौक, मोहर्रम चौक, समाहरणालय चौक होते हुए हरिवाटिका, मुफस्सिल थाना तक छोटे-बड़े करीब एक सौ घरों और दुकानों पर निगम का बुलडोजर चला. इस दौरान 17,500 रुपये जुर्माना की वसूली की गई. अतिक्रमण हटाने के दौरान लोगों की भीड़ लगी रही. घंटों अफरातफरी का माहौल कायम रहा. इस कार्रवाई के दौरान स्वच्छता प्रभारी अशफाक अहमद, जुलम साह, तबरेज आलम, संजीव कुमार समेत कई पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










