आरा में देर रात फायरिंग, बच्चों के विवाद में महिला को मारी गोली; गंभीर रूप से घायल

Updated:
विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

Arrah Crime News: आरा शहर के नवादा थाना क्षेत्र स्थित मौलाबाग बीवीजान के हाता में बच्चों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. देर रात एक महिला को गोली मार दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

विज्ञापन

Arrah Crime News:(मो. वसीम) भोजपुर जिले के आरा शहर स्थित नवादा थाना क्षेत्र के मौलाबाग बीवीजान के हाता में सोमवार की देर रात बच्चों के बीच हुए विवाद को लेकर एक महिला को गोली मार दी गई. गोली महिला के पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. परिजनों ने उसे तत्काल इलाज के लिए शहर के बाबू बाजार स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पटना रेफर कर दिया गया. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. लोगों की भीड़ जुट गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.

आपके शहर में

विज्ञापन

पेट में लगी गोली, हालत चिंताजनक

जानकारी के अनुसार घायल महिला की पहचान नवादा थाना क्षेत्र के मौलाबाग बीवीजान के हाता निवासी धनजी कुमार की 21 वर्षीय पत्नी सपना देवी के रूप में हुई है. गोली लगने से वह गंभीर रूप से जख्मी हो गईं. परिजनों के अनुसार घटना के तुरंत बाद उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया. हालत नाजुक होने के कारण बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना रेफर कर दिया गया.

बच्चों के विवाद से शुरू हुआ मामला

घायल महिला के पति धनजी कुमार ने बताया कि सोमवार की शाम करीब आठ बजे उनके घर के बच्चों और पड़ोसी मुदय यादव के बच्चों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था. उस समय आसपास के लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया था. परिजनों का आरोप है कि देर रात उसी विवाद को लेकर पड़ोसी मुदय यादव ने उनकी पत्नी सपना देवी को गोली मार दी. गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ीं, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया.

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस, जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही नवादा थानाध्यक्ष बिपिन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा घटना के कारणों और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

इलाके में दहशत का माहौल

घटना के बाद मौलाबाग बीवीजान के हाता इलाके में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि मामूली विवाद को लेकर इस तरह की हिंसक घटना चिंताजनक है. लोग दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. पुलिस का कहना है कि मामले में प्राप्त शिकायत और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी तथा दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है.

Also Read:बक्सर में भीषण जाम का कहर, NH-922 पर यातायात व्यवस्था ठप, घंटों परेशान रहे लोग

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन