बेतिया: शादी टूटने के गम में फंदे पर झूला का युवक, मौत
सांकेतिक तस्वीर
Bettiah News: पश्चिम चंपारण के लौरिया अंतर्गत बसवरिया में 21 वर्षीय अतम नट का शव पेड़ से लटका मिला. परिजनों के अनुसार शादी टूटने से तनाव में था युवक. एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह और FSL की टीम जांच में जुटी. जानिए खबर विस्तार से..
बेतिया के लौरिया से कौशिक मिश्रा की रिपोर्ट
Bettiah News: थाना क्षेत्र के बसवरिया पराउटोला पंचायत स्थित बसवरिया सरेह के एक आम बगीचे में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान शनिचरी थाना क्षेत्र के रसूलपुर मठिया गांव निवासी कोदई नट के 21 वर्षीय पुत्र अतम नट के रूप में हुई है. घटना रविवार रात की बताई जा रही है. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया है.
शादी टूटने से सदमे में था युवक
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, अतम नट की शादी चौतरवा थाना क्षेत्र के चौबारी गांव में तय हुई थी. सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन बाद में किसी अज्ञात कारणवश लड़की पक्ष द्वारा अचानक विवाह से इनकार कर दिया गया. शादी टूट जाने के बाद से ही अतम गहरे मानसिक तनाव और सदमे में रहने लगा था. बताया जाता है कि वह बसवरिया स्थित आम के एक बगीचे में रखवाली का काम करता था और घटना की रात भी वह रोज की तरह वहीं पर मौजूद था.
रात में अचानक हुआ गायब
मृतक की 17 वर्षीय बहन निशा कुमारी ने बताया कि रविवार की रात करीब नौ बजे अतम अचानक बगीचे से कहीं गायब हो गया. काफी देर तक जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिवार के लोग अनहोनी की आशंका में उसकी तलाश करने लगे.
गमछे के सहारे पेड़ से लटका मिला शव
काफी खोजबीन के बाद बगीचे में ही एक पेड़ से गमछे के सहारे उसका शव लटका हुआ मिला. आनन-फानन में परिजनों ने उसे पेड़ से नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी और सांसें पूरी तरह थम चुकी थीं. इसके बाद इस घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी गई.
चार भाइयों में तीसरे स्थान पर था अतम
बेटे की मौत से टूट चुके पिता कोदई नट ने रोते हुए बताया कि विवाह टूटने के बाद से उनका पुत्र मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा था. वह अपने चार भाइयों और एक बहन के परिवार में तीसरे स्थान पर था. घटना की भयावहता को देखते हुए नरकटियागंज के एसडीपीओ (SDPO) जयप्रकाश सिंह और लौरिया के थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और मामले की गहनता से जांच शुरू की.
जांच के लिए पहुंची FSL की टीम
पुलिस की विशेष मांग पर विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए. एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला मानसिक तनाव में आकर आत्महत्या का लग रहा है, फिर भी पुलिस मर्डर और सुसाइड दोनों एंगल्स से जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पूरी तरह खुलासा हो सकेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










