Bagaha: शादी की मेहंदी सूखने से पहले उजड़ा सुहाग, बाइक-ट्रैक्टर की भिड़ंत में नवविवाहित की मौत

शव की प्रतिकात्मक तस्वीर
Bagaha News: बगहा में बाइक और ट्रैक्टर की टक्कर में 27 वर्षीय रमेश शर्मा की दर्दनाक मौत हो गई. युवक की शादी महज 10 दिन पहले 20 अप्रैल को हुई थी. खुशियां मातम में बदलने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. पढ़ें पूरी खबर…
Bagaha News: पश्चिम चंपारण जिले के चिउटहा थाना क्षेत्र अंतर्गत नौतनवा गांव के समीप रविवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसा हुआ. यहाँ एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर और बाइक के बीच हुई जोरदार टक्कर में 27 वर्षीय युवक रमेश शर्मा की जान चली गई. मृतक वाल्मीकि नगर थाना क्षेत्र के कोतरहा गांव का निवासी था. इस घटना के बाद से मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर है.
शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था युवक
जानकारी के अनुसार, कोतरहा निवासी बैधनाथ शर्मा का पुत्र रमेश शर्मा रविवार को अपनी बाइक से एक रिश्तेदार के यहाँ शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था. जैसे ही वह नौतनवा गांव के पास पहुंचा, सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उसकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि रमेश सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से जख्मी हो गया. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन घाव गहरे होने के कारण उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया.
महज 10 दिन पहले हुई थी शादी
इस घटना ने परिजनों को झकझोर कर रख दिया है क्योंकि रमेश की शादी बीते 20 अप्रैल को ही धूमधाम से संपन्न हुई थी. अभी पत्नी के हाथों की मेहंदी का रंग भी फीका नहीं पड़ा था कि इस हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही चिउटहा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. थाना पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर फरार होने में सफल रहा, जिसकी तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है.
बगहा से इजरायल अंसारी की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अनिकेत कुमार
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










