पंडई नदी में डूबे तीन बच्चों में से सुल्तान का शव बरामद, दो की तलाश जारी

Updated:
विज्ञापन

झाड़ियों में मिला शव प्रियंका की तलाश में स्थानीय गोताखोर

नरकटियागंज में पंडई नदी में डूबने से एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि दो की तलाश जारी है. सोफवा गांव निवासी सुल्तान का शव बरामद होने के बाद परिजनों में मातम पसर गया. स्थानीय लोग प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं.

विज्ञापन

West Champaran News: नरकटियागंज में पंडई नदी में डूबे तीन बच्चों में से एक मासूम सुल्तान का शव शनिवार को बरामद होने के बाद पूरे इलाके में मातम छा गया. दो दिनों से लापता सोफवा गांव निवासी सुल्तान का शव साठी थाना क्षेत्र के नवमी चौक के समीप पंडई नदी में उतराता मिला. सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.

आपके शहर में

विज्ञापन

Narkatiaganj News: कपड़ों से हुई शव की पहचान

स्थानीय ग्रामीणों ने नदी में शव उतराता देख पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची साठी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. शुरुआत में खैरवा गांव से पहुंचे रेहान के परिजनों ने शव की पहचान से इनकार कर दिया. बाद में सुल्तान के परिजनों ने उसके पहने हुए पैंट से शव की पहचान की. शिकारपुर थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष संतोष शर्मा ने बताया कि बरामद शव की पहचान सोफवा गांव निवासी मोजम्मिल देवान के पुत्र सुल्तान के रूप में हुई है.

रेहान और प्रियंका की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार खैरवा टोला निवासी रेहान अंसारी और धूमनगर गदियानी टोला निवासी प्रियंका कुमारी की तलाश लगातार जारी है. एसडीआरएफ की टीम तीसरे दिन भी पंडई नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है, लेकिन दोनों बच्चों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है.

मां की चीख से गमगीन हुआ माहौल

सुल्तान चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था. पिता मोजम्मिल देवान मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं. मां समशा खातून पिछले दो दिनों से बेटे के सकुशल मिलने की दुआ कर रही थीं, लेकिन शव मिलने की खबर सुनते ही बदहवास हो गईं. बेटे का शव देखकर उनकी चीख-पुकार से नदी किनारा और गांव गमगीन हो उठा.

सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग

ग्रामीण अजय कुमार और पूर्व मुखिया नूरहोदा साईं ने कहा कि यह हादसा बेहद दुखद है. उन्होंने प्रशासन से पंडई नदी के किनारे सुरक्षा के स्थायी इंतजाम और बचाव व्यवस्था मजबूत करने की मांग की. पूरे इलाके के लोग अब भी रेहान और प्रियंका के सकुशल मिलने की दुआ कर रहे हैं.

यह भी पढ़ें:इग्नू बीएड जनवरी 2026 की मेरिट सूची जारी, 20 और 21 जुलाई को होगी काउंसलिंग



विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन