बगहा में एसपी का औचक निरीक्षण, पुलिसकर्मियों को चेतावनी- लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी
थाना में अभिलेख पंजीओ की जांच करते एसपी | Prabhat Khabar Network
पश्चिम चंपारण के एसपी राजेश कुमार ने ठकराहा और नदी थानों का औचक निरीक्षण किया. उन्होंने लंबित कांडों की समीक्षा कर जांच में तेजी लाने और पुलिसिंग को बेहतर बनाने का निर्देश दिया.
Bagaha News: पश्चिम चंपारण के पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने शुक्रवार देर शाम ठकराहा और नदी थाना का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने दोनों थानों में लंबित कांडों की विस्तार से समीक्षा की और अनुसंधान में तेजी लाने के साथ पुराने मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. एसपी ने पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने और आम लोगों के साथ बेहतर व्यवहार पर भी विशेष जोर दिया.
आपके शहर में
लंबित कांडों की समीक्षा, जांच में तेजी लाने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान एसपी ने कांड संचिकाओं, अभिलेखों के रखरखाव और थाना परिसर की साफ-सफाई का जायजा लिया. उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि अनुसंधान कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सभी मामलों का निष्पादन कानून के अनुरूप और तय समय-सीमा के भीतर किया जाए.
बरसात के मौसम में प्रभावी पुलिसिंग पर जोर
एसपी राजेश कुमार ने कहा कि बरसात के मौसम को देखते हुए थाना स्तर पर पुलिसिंग और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी होनी चाहिए. उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को आम लोगों के साथ सौहार्दपूर्ण, संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार बनाए रखने का निर्देश दिया.
जनप्रतिनिधियों से बेहतर समन्वय बनाने के निर्देश
उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने को कहा. एसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास कायम रखना प्राथमिकता होनी चाहिए.
छवि खराब करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
एसपी ने साफ कहा कि यदि किसी पुलिस अधिकारी या कर्मी के खिलाफ पुलिस की छवि धूमिल करने वाली शिकायत मिलती है तो उसकी गंभीरता से जांच की जाएगी. दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मी के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी. निरीक्षण के दौरान नदी थानाध्यक्ष दीपक कुमार प्रसाद, ठकराहा थानाध्यक्ष नरेश कुमार समेत दोनों थानों के पुलिस पदाधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए