बेगूसराय में स्कूल जाने निकले 3 किशोर एक साथ लापता,24 घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग

Updated:
विज्ञापन

लापता तीनों बच्चें का फोटो

बिहार के बखरी से स्कूल के लिए निकले तीन किशोर 24 घंटे बाद भी लापता हैं। परिजन और पुलिस बच्चों की तलाश में जुटे हैं। किसी को जानकारी मिले तो तुरंत सूचित करें।

विज्ञापन

Begusarai News : बेगूसराय जिले के बखरी थाना क्षेत्र के राटन गांव से शनिवार सुबह एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां स्कूल जाने के लिए घर से निकले तीन किशोर अचानक लापता हो गए. घटना के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी तीनों का कोई पता नहीं चल सका है. इससे परिजनों की चिंता बढ़ गई है, वहीं पूरे गांव में भी बेचैनी का माहौल बना हुआ है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है.

परिजनों के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब छह बजे सूरज कुमार, दीपक कुमार और सौरव कुमार अपने-अपने घर से स्कूल जाने की बात कहकर निकले थे. रोज की तरह वे स्कूल गए, लेकिन छुट्टी के बाद भी जब घर नहीं लौटे तो परिवार वालों को चिंता होने लगी. इसके बाद शाम करीब चार बजे से उनकी तलाश शुरू कर दी गई.

गांव-गांव तलाश, फिर भी नहीं मिला कोई सुराग

तीनों किशोरों की खोज में परिजन और ग्रामीण लगातार जुटे हुए हैं. स्कूल, आसपास के गांवों और संभावित जगहों पर उनकी तलाश की गई. रिश्तेदारों और परिचितों से भी पूछताछ की गई, लेकिन रविवार दोपहर एक बजे तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी है. इस बीच यह भी पता चला कि तीनों किशोर एक साथ लापता हैं, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है.

परिजनों ने बताया कि बच्चों के पास पैसे भी नहीं थे. ऐसे में उनके अचानक गायब हो जाने से कई तरह की आशंकाएं पैदा हो रही हैं. परिवार के लोग लगातार रो-रोकर बुरा हाल हैं और हर संभव जगह तलाश कर रहे हैं.

ये है तीनों लापता किशोरों का हुलिया

लापता किशोरों में वार्ड संख्या 7 निवासी मुकेश महतो के 14 वर्षीय पुत्र सूरज कुमार शामिल है, जो नीली टी-शर्ट और नीली जींस पहने था. वहीं वार्ड 11 निवासी राजीव पंडित के 14 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार सफेद फूलदार शर्ट और नीली पैंट में था. इसके अलावा उसी वार्ड के सीताराम शर्मा के 13 वर्षीय पुत्र सौरव कुमार भी लापता है, जो फोटो में दिख रहे कपड़ों में घर से निकला था.

पुलिस ने शुरू की जांच, लोगों से अपील

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने बखरी थाना में सूचना दी. इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और तीनों किशोरों की तलाश की जा रही है. पुलिस आसपास के इलाकों में भी जानकारी जुटा रही है.

इधर गांव के लोग भी इस घटना से काफी चिंतित हैं. एक साथ तीन बच्चों के गायब होने से हर कोई हैरान है. परिजनों ने आम लोगों से अपील की है कि यदि तीनों में से कोई भी किशोर कहीं दिखाई दे या उनके बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत बखरी थाना या परिवार को सूचित करें.

फिलहाल परिवार के लोग हर पल बच्चों के लौटने का इंतजार कर रहे हैं, वहीं प्रशासन से जल्द से जल्द उन्हें खोज निकालने की मांग कर रहे हैं.

Also Read: चॉक-डस्टर के साथ बच्चों के बीच पहुंचे बेगूसराय के डीएम, शिक्षक बन ब्लैकबोर्ड पर संभाली कमान


विज्ञापन
Vikash Kumar

लेखक के बारे में

By Vikash Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन