हर्ल खाद कारखाना में फिर चोरी, सुरंग खोदकर कीमती सामान ले जाने का आरोप

Updated:
विज्ञापन

चोरों की आवाजाही से फसल हो रही है बर्बाद किसानों ने सुरक्षा की लगायी गुहार

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

Begusarai News : बीहट स्थित हर्ल खाद कारखाना में चोरों का गिरोह सक्रिय है। सुरंग खोदकर कीमती सामान और लोहा चोरी करने से स्थानीय लोग और किसान दहशत में हैं. पुलिस जांच जारी है.

विज्ञापन

Begusarai News : हर्ल खाद कारखाना में कंस्ट्रक्शन के बाद बचे कीमती सामान पर एक बार फिर चोरों की नजर पड़ गयी है. आरोप है कि संगठित रूप से इन दिनों कारखाना परिसर से लगातार चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है. चोरों की आवाजाही के कारण हर्ल की दीवार से सटी किसानों की जमीन पर लगी फसलें रौंदी जा रही हैं. वहीं, बीहट-रिफाइनरी रोड के दुकानदारों और स्थानीय ग्रामीणों में भी डर और असुरक्षा की भावना बढ़ गयी है. शनिवार की सुबह हर्ल खाद कारखाना के वॉच टावर के पास टाइबीम के नीचे सुरंग खोदकर हर्ल के कीमती औद्योगिक सामान, लोहा और अन्य सरकारी संपत्ति की बड़े पैमाने पर चोरी किये जाने का मामला सामने आया. स्थानीय निवासी रामकृष्ण ने इसकी जानकारी हर्ल प्रबंधन और एफसीआइ थाना को दी. सूचना मिलने पर हर्ल के पदाधिकारी और स्थानीय थाना की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची तथा मामले की छानबीन की.

विज्ञापन

20 से 25 चोरों के रोजाना आने का दावा

स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कई दिनों से प्रतिदिन 20 से 25 की संख्या में अज्ञात लोग सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए हर्ल खाद कारखाना की उत्तरी दीवार फांदकर अंदर प्रवेश कर रहे हैं और वहां से कीमती सामान चोरी कर रहे हैं. स्थानीय लोगों का दावा है कि शनिवार की अहले सुबह भी इसी तरह 20 से 25 लोग कारखाना परिसर से चोरी का भारी सामान लेकर बाहर निकले. बताया गया कि सभी लोग खेतों के रास्ते मुख्य रिफाइनरी रोड पर पहुंचे और वहां पहले से खड़ी पिकअप गाड़ी पर चोरी का सामान लादकर फरार हो गये. हालांकि, पुलिस की ओर से इस संबंध में आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आयी है.

चोरों की आवाजाही से फसलें हो रहीं बर्बाद

चोरों द्वारा लगातार खेतों का इस्तेमाल किये जाने से स्थानीय किसानों की मेहनत से उगायी गयी फसलें रौंदी जा रही हैं. भारी सामान घसीटने और बार-बार आवाजाही के कारण खेतों के बीच एक रास्ता बन गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि खेतों में बने रास्ते और आवाजाही के निशान चोरी की घटनाओं की स्थिति को स्पष्ट करते हैं.

हर्ल प्रबंधन ने शुरू की आंतरिक जांच

हर्ल प्रबंधक मनीष कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद आंतरिक जांच की जा रही है. जांच में जिन लोगों की भी संलिप्तता सामने आयेगी, उनके खिलाफ निश्चित रूप से मामला दर्ज कराया जायेगा.

सीसीटीवी और सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद चोरी से सवाल

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कारखाना परिसर में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के साथ रोशनी की भी समुचित व्यवस्था है और जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं. इसके बावजूद लगातार चोरी की घटनाएं सामने आने से हर्ल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. स्थानीय लोगों ने कारखाना परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा चोरी की घटनाओं पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है.

Also Read : पूर्व विधायक राजबल्लभ यादव की बढ़ीं मुश्किलें, हाईकोर्ट से बरी होने के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंची बिहार सरकार


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन