बेगूसराय में 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, परिजनों ने जतायी फांसी लगाकर हत्या की आशंका
घटना के बाद शोकाकुल परिजन
Begusarai News : बेगूसराय के बखरी में 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत. परिजनों ने फांसी लगाकर हत्या किए जाने की जताई आशंका, पुलिस जांच में जुटी.
Begusarai News : थाना क्षेत्र के गोढ़ियारी गांव के वार्ड संख्या 27 में शनिवार की दोपहर 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गयी. मृतक की पहचान स्व. मुनेश्वर सहनी के पुत्र गौतम कुमार सहनी के रूप में हुई है. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया. परिजन युवक की मौत को सामान्य घटना नहीं मानते हुए फांसी लगाकर हत्या किये जाने की आशंका जता रहे हैं. हालांकि, हत्या किसने और किस वजह से की, इस संबंध में फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आयी है.
राशन लेने गयी थी मां, लौटने पर बेटे को मृत पाया
मृतक की मां राधा देवी ने बताया कि शनिवार को वह राशन लेने के लिए डीलर के पास फिंगर देने गयी थीं. घर लौटने पर उन्होंने अपने पुत्र गौतम के गले में रस्सी लगी हुई देखी. वह घर के दरवाजे के पास गिरा पड़ा था. यह देखकर उन्होंने आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी. ग्रामीणों की मदद से गौतम को आनन-फानन में बखरी पीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही बखरी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार यादव, एसआई कैलाश यादव, कुंदन कुमार सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा. पुलिस ने घटनास्थल की जानकारी लेने के साथ आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय भेज दिया. पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच में जुटी है.
नागपंचमी के बाद बदला था युवक का व्यवहार
मां राधा देवी के अनुसार, नागपंचमी के दिन गौतम गोतिया के यहां झाप चढ़ाने गया था. वहां से लौटने के बाद उसके व्यवहार में बदलाव नजर आने लगा था. उसके रहने, खाने-पीने और बातचीत करने के तौर-तरीके पहले की अपेक्षा काफी बदल गये थे. वह अक्सर बदला-बदला रहता था. हालांकि, उसके व्यवहार में बदलाव की वजह क्या थी, यह परिवार के लोग भी स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रहे हैं.
तीन भाइयों में सबसे छोटा था गौतम
गौतम तीन भाइयों में सबसे छोटा था और अपनी वृद्ध मां के साथ ही रहता था. उसकी संदिग्ध मौत के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, घटना को लेकर गांव में भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं. परिजनों की ओर से हत्या की आशंका जताये जाने के बाद पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस घटना की परिस्थितियों, घटनास्थल और परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर मामले की छानबीन कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










