'छात्रों की गूंज' मैराथन में उमड़ा युवाओं का जनसैलाब, कन्हैया कुमार ने शिक्षा और रोजगार के मुद्दों पर सरकार को घेरा

प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागी प्रतिभागियों की भीड़
Begusarai News : बेगूसराय में छात्रों की गूंज अभियान के तहत आयोजित मैराथन दौड़ में युवाओं का उत्साह दिखा। संजीत, पीयूष और मंजेश ने बालक वर्ग में शीर्ष स्थान प्राप्त किया।
Begusarai News : बेगूसराय में 'छात्रों की गूंज' अभियान के तहत आयोजित मैराथन दौड़ में युवाओं और छात्रों की भारी भागीदारी देखने को मिली. कार्यक्रम में एनएसयूआई के राष्ट्रीय प्रभारी डॉ. कन्हैया कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. इस अवसर पर यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सह बेगूसराय जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष शिवप्रकाश गरीब दास तथा शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एवं छात्रों की गूंज अभियान के जिला संयोजक अभिषेक सिंह भी मौजूद रहे. मैराथन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं, शिक्षकों, खेल प्रेमियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया.
विजेताओं को नकद पुरस्कार देकर किया गया सम्मानित
प्रतियोगिता के बालक वर्ग में संजीत कुमार ने प्रथम, पीयूष कुमार ने द्वितीय और मंजेश कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. बालिका वर्ग में बखरी की मिठी कुमारी प्रथम स्थान पर रहीं, जिन्हें 21 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया. संजात की सोनाली ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर 15 हजार रुपये का पुरस्कार जीता, जबकि लक्ष्मी कुमारी को तृतीय स्थान के लिए 11 हजार रुपये प्रदान किए गए. इसके अलावा बालक और बालिका वर्ग के शीर्ष 10 प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. बालक वर्ग में चंदन कुमार, राहुल कुमार, बृजेश कुमार, शिवम कुमार, दिनेश कुमार और किशन यादव सहित अन्य प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया. वहीं बालिका वर्ग में कोमल कुमारी, गुड़िया कुमारी, सुमन कुमारी, रिंकी कुमारी, दीपा कुमारी, जूना कुमारी, ऋण कुमारी और सिया कुमारी सहित अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार दिया गया.
कन्हैया कुमार ने शिक्षा और रोजगार के मुद्दे उठाए
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. कन्हैया कुमार ने कहा कि देश के युवाओं और छात्रों के सामने शिक्षा, रोजगार और अवसरों का गंभीर संकट है. उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज़ को दबाया नहीं जा सकता और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है. उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर छात्र-युवा हितों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया तथा शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, रोजगार के अवसर बढ़ाने और छात्रों की समस्याओं के समाधान की मांग की. उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज़ बुलंद करने का आह्वान किया. साथ ही उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं से परेशान होकर जान गंवाने वाले 21 छात्रों को श्रद्धांजलि स्वरूप यह मैराथन समर्पित की गई.
कांग्रेस नेताओं ने अभियान को बताया जन-आंदोलन
यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष एवं जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष शिवप्रकाश गरीब दास ने कहा कि 'छात्रों की गूंज' अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बिहार के छात्रों और युवाओं की आवाज़ को बुलंद करने वाला जन-आंदोलन है. उन्होंने कहा कि मैराथन में युवाओं की भारी भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि छात्र शिक्षा, रोजगार और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हैं और बदलाव चाहते हैं. शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एवं अभियान के जिला संयोजक अभिषेक सिंह ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल छात्रों की समस्याओं को उठाना नहीं, बल्कि शिक्षा, रोजगार और सामाजिक जागरूकता के प्रति युवाओं को संगठित करना भी है. उन्होंने सरकार से सरकारी शिक्षण संस्थानों को मजबूत करने, प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और युवाओं के लिए पर्याप्त रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की मांग की.
बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में कांग्रेस नेता रजनीकांत पाठक, शगुफ्ता ताजावर, अनुपम कुमार अन्नू, राजा गौतम, ब्रजेश कुमार, प्रिंस, आजाद कुमार, पवन कुमार, मुरारी कुमार, रणविजय कुमार, गोपाल कुमार, हारून रशीद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और छात्र उपस्थित रहे. सभी नेताओं ने मैराथन को ऐतिहासिक बताते हुए इसे छात्रों और युवाओं की आवाज़ को मजबूत करने वाला आयोजन बताया.
Also Read : वारिसलीगंज के हरिओम कुमार ने असिस्टेंट प्रोफेसर परीक्षा में पाई सफलता, क्षेत्र का बढ़ाया मान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










