सफाई कर्मियों की हड़ताल से बलिया नगर परिषद की सफाई व्यवस्था ठप, कचरे के ढेर से बढ़ी परेशानी

Updated:
विज्ञापन

कचड़े का लगा अंबार

Begusarai News : बलिया में सफाई कर्मियों की हड़ताल से शहर में कचरे का अंबार लग गया है. गंदगी और दुर्गंध से लोग परेशान हैं, बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है.

विज्ञापन

Begusarai News : बलिया नगर परिषद क्षेत्र में सफाई कर्मियों की हड़ताल एक सप्ताह से जारी है. इसके कारण शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. नगर के विभिन्न वार्डों, मुख्य सड़कों, गली-मोहल्लों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरे का अंबार लग गया है. जगह-जगह सूखा और गीला कचरा जमा होने से दुर्गंध फैलने लगी है. स्थानीय बलिया बाजार, लखमिनियां बाजार और बड़ी बलिया बाजार समेत नगर क्षेत्र की प्रमुख सड़कों पर गंदगी पसरी हुई है. इससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

संक्रामक बीमारियों का बढ़ा खतरा

नगरवासियों का कहना है कि नियमित सफाई नहीं होने से वातावरण प्रदूषित हो गया है. बरसात के मौसम में सड़कों और नालियों के किनारे जमा कचरे के कारण मच्छरों और अन्य कीटों का प्रकोप बढ़ रहा है. लोगों ने डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया तथा अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका जताते हुए प्रशासन से तत्काल व्यवस्था बहाल करने की मांग की है.

विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं सफाई कर्मी

जानकारी के अनुसार सफाई कर्मी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं. उनकी प्रमुख मांगों में दैनिक वेतनभोगी, संविदा एवं अस्थायी कर्मचारियों को नियमित करना, ठेका और आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त कर नगर कर्मचारी का दर्जा देना, महंगाई के अनुरूप सम्मानजनक पारिश्रमिक एवं मानदेय देना तथा एसीपी और एमएसीपी योजना का लाभ शामिल है. हड़ताल के कारण नगर परिषद की सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है. कई स्थानों पर कूड़ेदान भर चुके हैं. मजबूरी में लोग खुले स्थानों पर कचरा फेंक रहे हैं, जिससे समस्या और गंभीर होती जा रही है.

नगरवासियों ने प्रशासन से की हस्तक्षेप की मांग

स्थानीय नागरिकों ने नगर परिषद प्रशासन से सफाई कर्मियों की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक पहल कर हड़ताल समाप्त कराने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो नगर में स्वास्थ्य संबंधी गंभीर संकट उत्पन्न हो सकता है. लोगों ने अंतरिम व्यवस्था के तहत कचरा उठाव शुरू कराने और नियमित सफाई बहाल करने की भी मांग की है, ताकि लोगों को गंदगी और दुर्गंध से राहत मिल सके.

भाजपा नेता ने स्वच्छता बनाए रखने की अपील की

बिहार स्तरीय सफाई कर्मियों की हड़ताल को देखते हुए भाजपा नेता राकेश रोशन मुन्ना ने नगरवासियों से अपील की कि वे कचरा सड़कों, नालियों या सार्वजनिक स्थानों पर न फेंकें. उन्होंने लोगों से कचरे को घर या दुकान में सुरक्षित रखने, गीला और सूखा कचरा अलग-अलग रखने तथा दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया.

वार्ड पार्षदों ने खुद संभाली सफाई की जिम्मेदारी

सफाई कर्मियों की हड़ताल के बीच नागपंचमी और श्रावण की पहली सोमवारी को देखते हुए वार्ड पार्षद अविनाश कुमार ने स्वयं सफाई अभियान चलाया. उनके साथ वार्ड पार्षद करण कुमार और बलमंत गांधी ने वार्ड संख्या-11 स्थित विषहरी स्थान, मछरहट्टा के समीप विषहरी स्थान, उपरटोला शिव मंदिर सहित नगर क्षेत्र के कई मंदिरों की साफ-सफाई की. स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना की.

Also Read : दमन में ट्रॉली बैग से मिला नवादा की युवती का शव, आरोपी प्रेमी की तलाश जारी


विज्ञापन
Krishna

लेखक के बारे में

By Krishna

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन