जर्जर ट्रांसफॉर्मर से सोनमा के सैकड़ों उपभोक्ता परेशान, नया ट्रांसफॉर्मर लगाने की मांग
सोनमा में ट्रांसफार्मर का जला बुश
Begusarai News : गढ़पुरा के सोनमा वार्ड में जर्जर ट्रांसफॉर्मर के कारण बिजली संकट गहरा गया है। ग्रामीणों ने विभाग से तत्काल मरम्मत और नया ट्रांसफॉर्मर लगाने की मांग की है।
Begusarai News : उमस भरी गर्मी और बारिश के मौसम के बीच गढ़पुरा प्रखंड के सोनमा वार्ड संख्या-8 के सैकड़ों बिजली उपभोक्ता लगातार बिजली संकट का सामना कर रहे हैं. ट्रांसफॉर्मर का बुश और रॉड पूरी तरह जर्जर होकर गल चुका है. इसके कारण आए दिन बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है और मामूली तकनीकी खराबी होने पर भी घंटों तक बिजली गुल रहती है.
कई बार शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
स्थानीय उपभोक्ता उमा महतो, लक्ष्मी पोद्दार, ललन पाल, नारायण पाल समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि ट्रांसफॉर्मर की खराब स्थिति की जानकारी कई बार बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर और बिजली एसडीओ को दी जा चुकी है. इसके बावजूद अब तक न तो मरम्मत कराई गई और न ही ट्रांसफॉर्मर बदलने की दिशा में कोई ठोस पहल हुई है. ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद अधिकारी मामले को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं.
बिजली कटौती से पढ़ाई और कारोबार प्रभावित
ग्रामीणों ने बताया कि बार-बार बिजली ट्रिप होने से घरों में लगे विद्युत उपकरणों के खराब होने का खतरा बना रहता है. लगातार बाधित बिजली आपूर्ति से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, जबकि छोटे दुकानदारों और बिजली पर निर्भर लोगों के कामकाज पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है.
फोन तक नहीं उठाने का आरोप
उपभोक्ताओं का कहना है कि विभागीय जेई को कई बार फोन कर समस्या बताने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन तक नहीं उठाया. इससे ग्रामीणों में नाराजगी लगातार बढ़ रही है.
जांच कर नया ट्रांसफॉर्मर लगाने की मांग
ग्रामीणों ने विभाग के वरीय अधिकारियों से ट्रांसफॉर्मर की तत्काल तकनीकी जांच कराने, जर्जर बुश और रॉड बदलने तथा आवश्यकता पड़ने पर नया ट्रांसफॉर्मर लगाने की मांग की है. उनका कहना है कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है.
आंदोलन की दी चेतावनी
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र बिजली व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो वे विभाग के खिलाफ सामूहिक आंदोलन करने को मजबूर होंगे. उन्होंने क्षेत्र में नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है.
Also Read : दमन में ट्रॉली बैग से मिला नवादा की युवती का शव, आरोपी प्रेमी की तलाश जारी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










