बेगूसराय: तेतरी-डंडारी में निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, जयघोष और पुष्पवर्षा से भक्तिमय हुआ इलाका

Author Ajit Begusarai|Edited by Vivek Singh
Updated:
विज्ञापन
डंडारी में भ्राता बलभद्र व बहन सुभद्रा संग रथ पर सवार होकर निकले भगवान जगन्नाथ, दर्शन-पूजन को उमड़े भक्त

भगवान जगन्नाथ के रथ को खीचते श्रद्धालुओं की भीड़ | Prabhat Khabar Network

बेगूसराय के श्री जगन्नाथ मठ से भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की भव्य रथयात्रा निकाली गई. सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया और धार्मिक उत्साह का माहौल रहा. बारिश को भी भक्तों ने शुभ संकेत माना.

विज्ञापन

Tetri Dandari Jagannath Rath Yatra Begusarai : बेगूसराय के डंडारी प्रखंड अंतर्गत तेतरी-डंडारी स्थित श्री जगन्नाथ मठ से गुरुवार को भगवान जगन्नाथ, उनके भ्राता बलभद्र और बहन सुभद्रा की भव्य रथयात्रा निकाली गई. रथयात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया और पूरे मार्ग में जयघोष, भजन-कीर्तन तथा पुष्पवर्षा के बीच धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा.

Begusarai News : धार्मिक अनुष्ठानों के बाद निकली रथयात्रा

रथयात्रा का नेतृत्व मठाधीश नित्य रमण दास जी महाराज ने किया. उन्होंने बताया कि सुबह जयमंगला आरती, स्नान-पूजन और विशेष श्रृंगार के बाद भगवान को गोपाल वल्लभ भोग एवं राजभोग के रूप में सात्विक खिचड़ी अर्पित की गई. सभी वैदिक अनुष्ठानों के बाद भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के विग्रहों को गर्भगृह से बाहर लाकर विधि-विधान से रथ पर विराजमान कराया गया.

रथ की रस्सी खींचने के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

भगवान के रथ पर सवार होते ही श्रद्धालुओं में रथ की रस्सी खींचने की होड़ मच गई. रथ तेतरी-डंडारी की विभिन्न सड़कों से होकर गुजरा, जहां श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया. पूरे मार्ग में "जय जगन्नाथ" के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर पेयजल की भी व्यवस्था की गई थी.

बारिश को भक्तों ने माना शुभ संकेत

रथयात्रा के दौरान हल्की बूंदाबांदी भी हुई. श्रद्धालुओं ने इसे भगवान जगन्नाथ की कृपा और प्रसन्नता का प्रतीक माना. धार्मिक मान्यता के अनुसार रथयात्रा के दिन वर्षा होना शुभ माना जाता है और इसे भगवान के आशीर्वाद से जोड़कर देखा जाता है.

संत-महात्माओं और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी

रथयात्रा में बिहार राज्य भूमि सुधार कर्मचारी महासंघ के राज्य अध्यक्ष कौशलेंद्र कुमार सिंह, माता मधुमति सिंह, विभिन्न मठों के महंत, साधु-संत, पूर्व जिला पार्षद सदस्य झून्ना प्रसाद सिंह, पूर्व सरपंच राजाराम यादव, राजेंद्र यादव, मुरारी झा, रौशन झा, कन्हैया सिंह, नंदकिशोर सिंह, विश्वनाथ, गुलशन, मंटुन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. मठाधीश ने बताया कि शुक्रवार को भगवान सत्यनारायण की पूजा-अर्चना और भव्य भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा.


विज्ञापन
Ajit Begusarai

लेखक के बारे में

By Ajit Begusarai

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन