बेगूसराय NH-28 पर दर्दनाक हादसा, स्कूटी की टक्कर से वाहन चालक की मौत; दो युवक गंभीर घायल
सांकेतिक तस्वीर
बेगूसराय के फुलवड़िया थाना क्षेत्र में एनएच-28 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है. मालती के पास हुई इस घटना में एक वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्कूटी सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए.
Barauni NH-28 Road Accident : बेगूसराय जिले के फुलवड़िया थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-28 पर मालती के समीप बुधवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक वाहन चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि स्कूटी सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी.
Begusarai News : सड़क पार करते समय हुआ हादसा
मृतक की पहचान झारखंड के कोडरमा निवासी जुम्मन मियां के लगभग 50 वर्षीय पुत्र मो. हकीम अंसारी के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार वह तेघड़ा क्षेत्र में बिस्कुट की खेप उतारने के बाद एनएच-28 किनारे वाहन खड़ा कर सड़क पार कर रहे थे. इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार स्कूटी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी.
दो स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल
हादसे में स्कूटी सवार गौरा निवासी 19 वर्षीय मंतोष कुमार और 18 वर्षीय राज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को बरौनी लाइफलाइन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना पर फुलवड़िया थानाध्यक्ष विजय सहनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय भेज दिया तथा दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी को जब्त कर थाना ले गई.
थानाध्यक्ष की तत्परता से हुई पहचान
शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी, लेकिन फुलवड़िया थाना पुलिस की तत्परता से उनकी पहचान कर परिजनों को सूचना दे दी गई. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए