बरौनी-मोकामा रूट पर नॉन-इंटरलॉकिंग का काम, जयनगर-पटना एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें रद्द; 348 का बदलेगा रूट
मोकामा के पास राजेंद्र पुल के समानांतर बने नए रेल पुल के कनेक्शन कार्य के कारण कई ट्रेनें रद्द रहेंगी.
मोकामा-बरौनी के बीच राजेंद्र पुल के समानांतर बने नए रेल पुल को जोड़ने के लिए 21 सितंबर से 4 अक्टूबर तक प्री-एनआई और एनआई कार्य किया जाएगा. इसके चलते जयनगर-पटना, सहरसा-राजेंद्रनगर और हावड़ा-जयनगर समेत कई ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि राज्यरानी और महानंदा समेत लगभग 15 ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन किया गया है.
Bihar Train News मोकामा के पास गंगा नदी पर बने ऐतिहासिक राजेंद्र पुल के समानांतर एक नए रेल पुल का निर्माण कार्य पूरी तरह पूर्ण हो चुका है. इस नए पुल से होकर सामान्य रूप से रेल परिचालन शुरू करने के उद्देश्य से रेलवे प्रशासन ने नॉन-इंटरलॉकिंग (NI) कार्य करने का निर्णय लिया है.
इस मेगा प्रोजेक्ट के तहत दानापुर मंडल के राजेंद्र पुल, ऊपरी हाथीदह जंक्शन, मोकामा जंक्शन, रामपुर डुमरा और सोनपुर मंडल के दिनकर ग्राम सिमरिया में राजेंद्र पुल पर डबल लाइन सुविधा के साथ नए पुल को जोड़ने का काम किया जाएगा.
इसके साथ ही, दिनकर ग्राम सिमरिया और बरौनी जंक्शन के बीच मुख्य लाइन कनेक्शन को जोड़ने के लिए 21 सितंबर से प्री-एनआई कार्य शुरू किया जाएगा, जो 4 अक्टूबर तक चलेगा.
रेलवे प्रशासन द्वारा इस अवधि के दौरान इस मार्ग से गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के परिचालन को पूरी तरह रद्द करने, कई ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित करने तथा कई ट्रेनों का आंशिक समापन व प्रारंभ कर चलाने का निर्णय लिया गया है.

पूर्व मध्य रेल हाजीपुर मुख्यालय की मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) सरस्वती चंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, निर्माण और कनेक्टिविटी के इस कार्य के मद्देनजर यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों के परिचालन में यह बदलाव किया गया है.
रद्द रहने वाली प्रमुख ट्रेनें
यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने उन ट्रेनों की सूची जारी की है जो इस अवधि में पूरी तरह रद्द रहेंगी:
- जयनगर-पटना एक्सप्रेस: 21 सितंबर से 4 अक्टूबर तक रद्द.
- सहरसा-राजेंद्रनगर एक्सप्रेस: 22 सितंबर से 4 अक्टूबर तक रद्द.
- हावड़ा-जयनगर एक्सप्रेस: 20 सितंबर से 4 अक्टूबर तक रद्द.
- भागलपुर-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस (अप व डाउन): 25 सितंबर से 4 अक्टूबर तक रद्द.
इसके अलावा 23 सितंबर को मऊ-कोलकाता एक्सप्रेस; 24 सितंबर को लालकुआं-कोलकाता एक्सप्रेस, कोलकाता-मऊ एक्सप्रेस; 25 व 30 सितंबर को हावड़ा-रक्सौल एक्सप्रेस; 26 सितंबर को रक्सौल-हावड़ा एक्सप्रेस, कोलकाता-जयनगर एक्सप्रेस, कोलकाता-सीतामढ़ी एक्सप्रेस, सियालदह-जयनगर एक्सप्रेस, गोरखपुर-आसनसोल एक्सप्रेस, जयनगर-सियालदह एक्सप्रेस, हावड़ा-दरभंगा एक्सप्रेस ट्रेनें नहीं चलेंगी.

इसी प्रकार 27 सितंबर से 4 अक्टूबर के बीच विभिन्न तिथियों में दरभंगा-कोलकाता, सीतामढ़ी-कोलकाता, कोलकाता-मुजफ्फरपुर, मुजफ्फरपुर-हावड़ा, गोंडा-आसनसोल, रक्सौल-हावड़ा, सियालदह-बलिया, टाटानगर-थावे, पुरी-जयनगर और आसनसोल-गोरखपुर समेत लगभग 348 ट्रेनों के परिचालन रूट या शेड्यूल पर असर पड़ा है और कई ट्रेनें अलग-अलग तिथियों में पूरी तरह रद्द रहेंगी.
रेलवे ने इस रूट के यात्रियों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन का ताजा स्टेटस जरूर चेक कर लें, अन्यथा उन्हें भारी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है.
परिवर्तित मार्ग से चलने वाली ट्रेनें
एनआई कार्य के दौरान परिचालन बाधित न हो, इसके लिए लगभग 15 महत्वपूर्ण ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन किया गया है:
- राज्यरानी एक्सप्रेस, डिब्रूगढ़-राजेंद्र नगर एक्सप्रेस, गांधीधाम-कामाख्या एक्सप्रेस, पटना-न्यू जलपाईगुड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस, कैपिटल एक्सप्रेस, महानंदा एक्सप्रेस और लोकमान्य तिलक-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस: ये ट्रेनें अब परिवर्तित मार्ग दानापुर, पाटलिपुत्र, हाजीपुर और शाहपुर पटोरी के रास्ते चलाई जाएंगी.
- जम्मूतवी-भागलपुर अमरनाथ एक्सप्रेस एवं हैदराबाद-रक्सौल-बरौनी एक्सप्रेस: ये ट्रेनें सबदलपुर और मुंगेर के रास्ते चलेंगी.
- हावड़ा-काठगोदाम बाघ एक्सप्रेस एवं बलिया-सियालदह एक्सप्रेस: इनका परिचालन बरौनी, मुंगेर और रामपुरहाट के रास्ते होगा.
- मौर्य एक्सप्रेस: यह ट्रेन किउल और मुंगेर के रास्ते चलाई जाएगी.
- पूर्वांचल एक्सप्रेस: यह ट्रेन मुंगेर, कटिहार और मालदा के रास्ते गंतव्य के लिए रवाना होगी.
Also Read :बेगूसराय में पार्षद पति पर ताबड़तोड़ फायरिंग, दो गोलियां लगीं; 15 लाख की सुपारी का आरोप
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए