बेगूसराय में कर्मचारी महासंघ का जिला स्तरीय कन्वेंशन, 12 दिसंबर की दिल्ली रैली में बड़ी भागीदारी का आह्वान

Updated:
विज्ञापन

कन्वेंशन को संबोधित करते नेता

Begusarai News : 12 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में लाखों कर्मचारी जुटेंगे. ए. श्री कुमार ने सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ निर्णायक आंदोलन का आह्वान किया है.

विज्ञापन

Begusarai News : अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय महासचिव ए. श्री कुमार ने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण मजदूरों और कर्मचारियों पर हमले तेज हो रहे हैं. ऐसे में कर्मचारियों, मजदूरों, किसानों और जनसेवाओं के लाभार्थियों को एकजुट होकर निर्णायक आंदोलन का निर्माण करना होगा. उन्होंने कहा कि अब संघर्ष को और मजबूत करने की जरूरत है. उन्होंने 12 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित रैली और प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कर्मचारियों से शामिल होने का आह्वान किया. उन्होंने दावा किया कि यह आंदोलन एक मील का पत्थर साबित होगा.

दिल्ली रैली की सफलता के लिए देशभर में हो रहे कन्वेंशन

ए. श्री कुमार ने कहा कि सरकार की कर्मचारी, मजदूर और जनविरोधी नीतियों के विरोध में 12 दिसंबर की रैली आयोजित की जा रही है. रैली को सफल बनाने के लिए पूरे देश में कर्मचारियों के कन्वेंशन और गेट-टुगेदर आयोजित किये जा रहे हैं. इसी क्रम में बिहार राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ, जिला शाखा बेगूसराय की ओर से कर्मचारी भवन स्थित कर्मयोगी सभागार में जिला स्तरीय कन्वेंशन आयोजित किया गया. इसमें बड़ी संख्या में महिला और पुरुष कर्मचारियों ने भाग लिया.

पुरानी पेंशन, नियमितीकरण और समान वेतन की उठी मांग

राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष शशिकांत राय ने कन्वेंशन को संबोधित करते हुए ठेका प्रथा, संविदा बहाली, एनपीएस और यूपीएस का विरोध किया. उन्होंने सरकार से पुरानी पेंशन योजना लागू करने, ठेका और संविदा पर बहाल कर्मियों को नियमित करने तथा समान काम के लिए समान वेतन देने की मांग की. उन्होंने न्यूनतम 26 हजार रुपये वेतन, चार लेबर कोड वापस लेने और 18 माह के बकाया डीए का भुगतान करने की भी मांग की. साथ ही कर्मचारियों से 12 दिसंबर की दिल्ली रैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया.

Also Read : नवादा के एरूरी पंचायत में बायोगैस संयंत्र और अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई का डीडीसी ने किया निरीक्षण

आउटसोर्सिंग और अल्प मानदेय पर बहाली को बताया अन्याय

महासंघ के राज्य महामंत्री सुवेश सिंह ने सरकार की कर्मचारी, मजदूर और किसान विरोधी नीतियों की आलोचना की. उन्होंने कहा कि ठेका, संविदा, दैनिक वेतन और आउटसोर्सिंग के माध्यम से कर्मियों से अल्प मानदेय पर काम लेना सरासर अन्याय है. उन्होंने कर्मियों की सेवा नियमित करने और पुरानी पेंशन योजना लागू करने की मांग दोहरायी. इसके अलावा लिपिकों को सचिवालय सहायक के पद पर 25 प्रतिशत प्रोन्नति देने, महिला स्वास्थ्य कर्मियों को बायोमेट्रिक उपस्थिति से मुक्त करने, राज्य कर्मचारी पंचायत सचिव को 2800 ग्रेड पे देने तथा शेष पंचायत सचिवों को गृह जिले में पदस्थापित करने समेत अन्य मांगों को पूरा करने की मांग की. उन्होंने कहा कि 12 दिसंबर को दिल्ली में होने वाले प्रदर्शन में बेगूसराय समेत बिहार से करीब 10 हजार कर्मचारी भाग लेंगे.

बेगूसराय से 500 से अधिक कर्मचारियों के शामिल होने का दावा

जिला मंत्री मोहन मुरारी ने राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय नेताओं का स्वागत किया. उन्होंने कहा कि कर्मचारी अपने संघर्ष के बल पर ही अपने हक और अधिकार हासिल कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि 12 दिसंबर को दिल्ली में होने वाले प्रदर्शन में बेगूसराय जिले से 500 से अधिक कर्मचारी शामिल होंगे.

Also Read : नवादा में स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर हरिश्चंद्र स्टेडियम में परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास

राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय नेताओं ने किया संबोधित

कन्वेंशन को अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के महासचिव ए. श्री कुमार, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष शशिकांत राय, राज्य महामंत्री सुवेश सिंह, कोषाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार, जिला मंत्री मोहन मुरारी, राज्य उपाध्यक्ष जितेंद्र राय और संयुक्त मंत्री सुधीर कुमार ने संबोधित किया. कार्यक्रम की अध्यक्षता कौशलेंद्र कुमार, शंकर मोची और सविता कुमारी के अध्यक्ष मंडल ने की.

Also Read : PHOTOS: बहन के कॉल पर पुलिस ने नवादा में खोदी कब्र, निकला चौंकाने वाला राज!


विज्ञापन
Bipin Kumar Mishra

लेखक के बारे में

By Bipin Kumar Mishra

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन