भाकपा की पदयात्रा सातवें दिन भी जारी, 1 सितंबर की दिल्ली रैली में शामिल होने का किया आह्वान
पदयात्रा में आह्वान करते भाकपा नेता
Begusarai News : बेगूसराय में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की पदयात्रा संपन्न. 1 सितंबर को दिल्ली में होने वाली रैली में शामिल होकर भाजपा हटाओ देश बचाओ का नारा बुलंद करने की अपील.
Begusarai News : भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की ओर से राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के तहत बेगूसराय अंचल परिषद द्वारा लगातार सातवें दिन भी पदयात्रा निकाली गयी. पदयात्रा का शुभारंभ बंदुवार चौक स्थित जननायक कॉमरेड चंद्रशेखर के आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण और श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया. इसके बाद पदयात्री बंदुवार, अझौर और परना पंचायत के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए जनसंपर्क अभियान चलाया. इस दौरान लोगों से 1 सितंबर को आयोजित दिल्ली रैली में शामिल होने का आह्वान किया गया.
परना शहीद स्मारक पर स्वतंत्रता सेनानियों को दी श्रद्धांजलि
पदयात्रा का समापन परना शहीद स्मारक पर किया गया. यहां मौजूद स्वतंत्रता सेनानियों और जननायक कॉमरेड चंद्रशेखर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गयी. साथ ही स्मृति शेष पूर्व मुखिया कॉमरेड शिवराम महतो की प्रतिमा पर भी पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया गया.
Also Read : PHOTOS: बहन के कॉल पर पुलिस ने नवादा में खोदी कब्र, निकला चौंकाने वाला राज!
पदयात्रा में कई कार्यकर्ता हुए शामिल
पदयात्रा में अंचल प्रभारी अनिल कुमार अंजान, अंचल मंत्री श्याम बहादुर सिंह, सहायक अंचल मंत्री सुनील कुमार, अशोक सिंह, उमेश सिंह, युगेश्वर पासवान, रामशंकर ठाकुर, जवाहर कुमार शर्मा, डॉ. राजेश कुमार, भगवान महतो, दिनेश सिंह, भागीरथ सिंह और राम पदारथ सिंह सहित कई कार्यकर्ताओं ने भाग लिया.
परना के शहीदों और समाज सुधारकों के योगदान को किया याद
नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए कॉमरेड अंजान ने कहा कि परना गांव में वतन की आजादी और समाज परिवर्तन की लड़ाई में अपने प्राणों की आहुति देने वाले महापुरुषों को लोग देवी-देवताओं की तरह सम्मान देते हैं. उन्होंने कहा कि स्मृति शेष पूर्व मुखिया कॉमरेड शिवराम महतो के सौजन्य से यहां जिले के अद्वितीय स्मारक का निर्माण कराया गया है. उनके आवासीय परिसर के समीप स्थित उनका स्मारक भी क्षेत्र के इतिहास और संघर्ष की गवाही देता है.
Also Read : नवादा में स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर हरिश्चंद्र स्टेडियम में परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास
महान विभूतियों के बताए रास्ते पर चलने का लिया संकल्प
कॉमरेड अंजान ने कहा कि पदयात्रियों को जननायक कॉमरेड चंद्रशेखर सिंह से लेकर जिले के स्वतंत्रता सेनानी रामचंद्र सिंह सहित शहीद-ए-आजम भगत सिंह, खुदीराम बोस, चंद्रशेखर आजाद, सरदार वल्लभभाई पटेल, सुभाष चंद्र बोस, लाल बहादुर शास्त्री, राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर, डॉ. भीमराव आंबेडकर, महात्मा गांधी और झांसी की रानी जैसी महान विभूतियों को एक स्थान पर श्रद्धासुमन अर्पित करने का अवसर मिला है. उन्होंने कहा कि इन महान विभूतियों के बताए रास्ते पर चलने और उनके विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया है.
दिल्ली रैली में शामिल होकर भाजपा हटाओ, देश बचाओ का नारा बुलंद करने की अपील
नुक्कड़ सभा के दौरान वक्ताओं ने भाजपा की नीतियों की आलोचना करते हुए लोगों से 1 सितंबर को आयोजित दिल्ली रैली में शामिल होने की अपील की. उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता और आम लोग एकजुट होकर 'भाजपा हटाओ, देश बचाओ' का नारा बुलंद करें और जनहित से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज मजबूत करें.
Also Read : नवादा के एरूरी पंचायत में बायोगैस संयंत्र और अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई का डीडीसी ने किया निरीक्षण
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








