बिहार: चुनाव प्रचार में 'लव-जिहाद' की एंट्री, असम सीएम हिमंत बिस्वा ने टांग तोड़ने की बात क्यों की? जानिए..

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा ने बेगूसराय में जनसभा को संबोधित करते हुए लव जिहाद का जिक्र किया.
लोकसभा चुनाव के चौथे चरण का मतदान 13 मई को होने वाला है. बेगूसराय में भी इसी चरण में मतदान होंगे. इस फेज के चुनाव के लिए प्रचार का शोर शनिवार की शाम को बंद हो जाएगा. वहीं चुनाव प्रचार के अंतिम दिन एनडीए और महागठबंधन के दिग्गज नेताओं ने ताबड़तोड़ जनसभाएं की है. बेगूसराय में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा एक चुनावी जनसभा को संबोधित करने पहुंचे. जहां अपने संबोधन में उन्होंने पाकिस्तान और लव जिहाद का राग छेड़ा.
बेगूसराय में बोले हिमंत बिस्वा..
बेगूसराय में जनसभा को संबोधित करते हुए असम के सीएम हिमंत बिस्वा ने कहा कि इस बार पीएम नरेंद्र मोदी को 400 सीट मिली तो देश में लव-जिहाद करने की हिम्मत किसी में नहीं रहेगी. उन्होंने कहा कि पहले पाकिस्तान के लोग आकर भारत में बम फेंकते थे. लेकिन पीएम मोदी ने दो बार पाकिस्तान में बम फेंक दिया तो अब कोई आता है क्या? ऐसे ही 2-4 लव जिहाद वाले का टांग तोड़ देंगे तो जिंदगी में कोई लव जिहाद करने का हिम्मत नहीं करेगा. असम सीएम ने कहा कि इसलिए हमें मोदी जी की सरकार चाहिए.
सियासत में धर्म-संप्रदाय के मुद्दे पर बोले..
वहीं मीडिया से बातचीत के दौरान हिमंत बिस्वा कहा कि धर्म और संप्रदाय का मुद्दा हमारे देश में हमेशा रहा है. हमारे देश का विभाजन भी धर्म के आधार पर हुआ था. उन्होंने कहा कि जब सनातन हो जाएगा तो बेरोजगारी भी अपने आप रास्ता ले लेगी. हाल में सुर्खियों में रही एक रिपोर्ट की ओर इशारा करते हुए हिमंत बिस्वा ने पूछा कि आज किस की कौम की आबादी बढ़ रही है? 45% आबादी किसकी बढ़ी है? हिंदू का तो नहीं बढ़ा है. असम के सीएम ने आगे कहा कि अगर देश हिंदू हो जाता है तो देश की बहुत सी समस्या का अपने आप समाधान हो जाएगा. उन्होंने कहा कि हम तो 3 शादियां नहीं करते हैं. आप देश हिंदू बना दो, देश की बहुत सारी समस्या हिंदू ही हल कर लेगा.
बेगूसराय में चौथे चरण में चुनाव
गौरतलब है कि 13 मई को बिहार की 5 संसदीय सीटों पर मतदान होना है. बेगूसराय से निवर्तमान सांसद सह केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ही एनडीए की ओर से मैदान में हैं. हिमंत बिस्वा अपनी पार्टी के फायर ब्रांड नेता गिरिराज सिंह के समर्थन में वोट की अपील करने बेगूसराय आए थे. जहां से उन्होंने जमकर सियासी बाण फेंके.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By ThakurShaktilochan Sandilya
डिजिटल मीडिया का पत्रकार. प्रभात खबर डिजिटल की टीम में बिहार से जुड़ी खबरों पर काम करता हूं. प्रभात खबर में सफर की शुरुआत 2020 में हुई. कंटेंट राइटिंग और रिपोर्टिंग दोनों क्षेत्र में अपनी सेवा देता हूं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




