बेगूसराय: केन्द्रीय विद्यालय आईओसी बरौनी में दो दिवसीय संभाग स्तरीय 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' महोत्सव का आगाज, उत्तराखंड की संस्कृति की बिखरी छटा
सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करती छात्राएं | Prabhat Khabar Network
केन्द्रीय विद्यालय IOC बरौनी में 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ. इस दो दिवसीय कार्यक्रम में उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति, लोकगीत और परंपराओं का प्रदर्शन किया जाएगा. विभिन्न प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं.
Begusarai News: जिले के बरौनी रिफाइनरी टाउनशिप स्थित जुबिली हॉल में केन्द्रीय विद्यालय आईओसी बरौनी की ओर से दो दिवसीय संभाग स्तरीय 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' महोत्सव का शानदार शुभारंभ हुआ. कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि केवीएस (KVS) पटना संभाग के उपायुक्त डॉ. अजय कुमार मिश्र ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इसके पश्चात विद्यालय के प्राचार्य अरविंद कुमार मिश्र ने मुख्य अतिथि का पारंपरिक हरित स्वागत (पौधा भेंट कर) किया, जबकि छात्राओं ने मनमोहक स्वागत गीत प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों व प्रतिभागियों का अभिनंदन किया.
7 संकुलों के प्रतिभागी ले रहे हिस्सा
प्राचार्य अरविंद कुमार मिश्र ने स्वागत भाषण में पटना संभाग के सभी 7 संकुलों से आए प्रतिभागी छात्र-छात्राओं और उनके मार्गदर्शक शिक्षकों का स्वागत किया. उन्होंने बताया कि 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' योजना के तहत पटना संभाग को सहभागी राज्य के रूप में उत्तराखंड मिला है. इसी कड़ी में दो दिनों तक चलने वाले सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम, नृत्य और गायन प्रतियोगिताएं उत्तराखंड राज्य की समृद्ध कला, लोकगीत और परंपराओं पर आधारित हैं.
केन्द्रीय विद्यालय लघु भारत का दर्पण: उपायुक्त डॉ. अजय कुमार मिश्र
अपने अध्यक्षीय संबोधन में मुख्य अतिथि उपायुक्त डॉ. अजय कुमार मिश्र ने केन्द्रीय विद्यालयों को 'लघु भारत' का जीवंत दर्पण बताया. उन्होंने विद्यार्थियों को बिना किसी डर के मुस्कुराते हुए मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया. डॉ. मिश्र ने जुबिली हॉल में भव्य आयोजन के लिए प्राचार्य की सराहना की और सहयोग के लिए बरौनी रिफाइनरी प्रबंधन का आभार व्यक्त किया. इसके बाद समूह नृत्य और समूह गायन की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिसमें विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका श्री भीम शंकर, डॉ. आलोक कुमार एवं डॉ. अंजूबाला ने निभाई.
शिक्षक-शिक्षिकाओं की रही सराहनीय भूमिका
कार्यक्रम का सफल संचालन सौरभ मिश्र, अंजली ठाकुर एवं मो. आलम ने संयुक्त रूप से किया. आयोजन के संयोजन और प्रबंधन में शिक्षक मनोज कुमार, प्रवीण कुमार, शशिभूषण कुमार, नंदन कुमार यादव, सितेश प्रकाश, हरिओम शर्मा सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा.
Also Read: सावन की दूसरी सोमवारी पर दिव्यांग सेवा शिविर शुरू, कांवरियों के लिए की गई सेवा व्यवस्था
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










