दिव्यांग युवक की पीट-पीटकर हत्या और हाथ-पैर बंधा शव घर के पास फेंका

थाना क्षेत्र में अपराधियों का मनोबल इन दिनों इतना बढ़ा हुआ है कि घर से बुलाकर ले गये एक दिव्यांग युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी.
वीरपुर. थाना क्षेत्र में अपराधियों का मनोबल इन दिनों इतना बढ़ा हुआ है कि घर से बुलाकर ले गये एक दिव्यांग युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी. हत्या के बाद अपराधियों ने साहस का परिचय देते हुए हाथ-पैर बंधा हुआ उसके शव को घर तक पहुंचा दिया. इससे क्षेत्र में सनसनी फैल गयी और पीड़ित परिजनों में कोहराम मच गया. घटना शनिवार की देर रात की बतायी जा रही है. मृतक की पहचान वीरपुर पूर्वी पंचायत के वार्ड संख्या एक निवासी स्व रामबालक पासवान के 30 वर्षीय पुत्र गोविंद पासवान के रूप में की गयी है. इस संबंध में मृतक की मां शाबो देवी ने बताया कि वह बेंगलुरु में रहकर मजदूरी कर अपना जीवन यापन करता था और पिछले दो दिनों पूर्व वह घर आया ही था. शनिवार की शाम करीब छह बजे गांव के ही तीन युवक उसे घर से बुलाकर अपने साथ ले गये थे. मध्य रात्रि में मेरे घर पहुंच कर उन्हें बताया कि आपका पुत्र गोविंद मेरे डेरे पर शराब पीकर सोया हुआ है, तभी हम कुछ समझ पाते ही उक्त सभी आरोपियों ने गोविंद का हाथ-पैर बंधा हुआ शव को घर पर पहुंचा कर फरार हो गये. तब तक गोविंद की मौत हो चुकी थी. उन्होंने बताया कि उक्त सभी लोगों ने मिलकर गोविंद की पीट-पीटकर हत्या कर दी. उसके शव के अलग-अलग हिस्सों पर जख्म के गहरे निशान पाये गये. सड़क पर व आरोपियों के डेरे पर खून का धब्बा लगा हुआ था. इधर, घटना की जानकारी पाकर प्रभारी थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार व एसआइ ऋषिकेश भारद्वाज अपने दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी. कुछ देर बाद ही सदर डीएसपी इमरान अहमद भी अपने दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार व आसपास के लोगों से घटना की जानकारी प्राप्त की. डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस ज्योहिं शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के लिए जाने लगी, तो उसके परिजनों व ग्रामीणों ने पुलिस को शव ले जाने से मना करते हुए तुरंत न्याय दिलाने की मांग कर रहे थे. इसी दौरान डीएसपी व स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर न्याय दिलाने की भरोसा देते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. इधर, फोरेंसिक जांच टीम भी घटनास्थल पर पहुंच कर कई नमूने को एकत्र कर अपने साथ ले गयी है. इस संबंध में पूछे जाने पर डीएसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी गयी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की खुलासा हो पायेगा. उन्होंने इस बाबत पीड़ित परिवार को एफआइआर दर्ज करने का निर्देश दिया है. उन्होंने बताया कि पुलिस जल्द ही हत्याकांड का खुलासा करेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




