तीसरी सोमवारी पर झमटिया गंगा घाट में उमड़ा आस्था का सैलाब, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा इलाका

Updated:
विज्ञापन

गंगा स्नान करते श्रद्धालु

Begusarai News : सावन की तीसरी सोमवारी पर झमटिया गंगा घाट पर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा. हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा इलाका, कांवरियों ने गंगा जल लेकर की पूजा-अर्चना.

विज्ञापन

Begusarai News : सावन मास की तीसरी सोमवारी के अवसर पर मिथिलांचल क्षेत्र के प्रमुख आस्था केंद्र झमटिया गंगा घाट पर कांवरियों और शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. रविवार देर रात से ही बछवाड़ा, दलसिंहसराय, समस्तीपुर, दरभंगा, रोसड़ा और सिंघिया समेत विभिन्न क्षेत्रों से कांवरियों के जत्थे यहां पहुंचने लगे थे. सोमवार सुबह होते-होते पूरा घाट 'हर-हर महादेव' और 'बम-बम भोले' के जयकारों से गूंज उठा.

गंगा स्नान कर शिवालयों के लिए रवाना हुए कांवरिया

झमटिया गंगा घाट पर स्नान के बाद कांवरियों ने मंत्रोच्चार के बीच गंगा जल भरा और विभिन्न शिवालयों के लिए प्रस्थान किया. श्रद्धालुओं ने घाट पर स्थित मंदिरों में विधिवत पूजा-अर्चना भी की. इसके बाद बड़ी संख्या में कांवरिया विद्यापति धाम, गढ़पुरा, थानेश्वर स्थान, समस्तीपुर समेत अन्य प्रमुख शिवालयों के लिए रवाना हुए.

तीसरी सोमवारी का विशेष धार्मिक महत्व

झमटिया गंगा घाट के मुख्य पुजारी वैद्यनाथ झा ने बताया कि सावन की तीसरी सोमवारी का विशेष आध्यात्मिक महत्व है. इस दिन श्रद्धालु गंगा जल लेकर भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं और बेलपत्र, भांग, धतूरा तथा सफेद फूल अर्पित करते हैं. श्रद्धालुओं का मानना है कि सच्चे मन और श्रद्धा के साथ भगवान भोलेनाथ की पूजा करने से कष्ट दूर होते हैं और जीवन में सुख-समृद्धि आती है.

आस्था के साथ जुड़ी है झमटिया गंगा घाट की मान्यता

स्थानीय मान्यता के अनुसार, सावन की सोमवारी पर झमटिया गंगा घाट में स्नान कर भगवान शिव को जल अर्पित करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं. इसी आस्था के कारण सावन के प्रत्येक सोमवार को यहां दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में शिवभक्त और कांवरिया पहुंचते हैं.

कांवरियों की भीड़ से एनएच-28 पर लगा जाम

सोमवार सुबह कांवरियों की भारी भीड़ के कारण एनएच-28 पर यातायात प्रभावित हुआ. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. हालांकि पुलिस बल यातायात व्यवस्था को सामान्य बनाए रखने के लिए घाट से लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग तक मुस्तैदी से तैनात रहा.

सुरक्षा के लिए प्रशासन और नाविक रहे सतर्क

किसी भी अप्रिय घटना से बचाव और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्था की गई थी. झमटिया गंगा घाट पर पुलिसकर्मियों के साथ स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौजूद रही. वहीं घाट पर दर्जनों नाविक अपनी नावों के साथ सतर्क नजर आए और श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया.

शिवालयों में दिनभर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

तीसरी सोमवारी को लेकर बछवाड़ा प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में सुबह से शाम तक श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही. खासकर महिलाओं और युवतियों ने सोमवारी व्रत रखकर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की. मंदिरों में 'हर-हर महादेव' के जयकारों से पूरा क्षेत्र दिनभर भक्तिमय और गुंजायमान बना रहा.

Also Read : नागपंचमी पर बाक्स बाबा मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, दूध और लावा चढ़ाने पहुंचे हजारों श्रद्धालु


विज्ञापन
डबलू कुमार

लेखक के बारे में

By डबलू कुमार

डबलू कुमार प्रिंट माध्यम में 10 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अकबरनगर (भागलपुर) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन