Begusarai News : बेगूसराय रेलवे स्टेशन को टर्मिनल बनाने की जोर पकड़ रही है मांग

Updated:
विज्ञापन
Begusarai News : बेगूसराय रेलवे स्टेशन को टर्मिनल बनाने की जोर पकड़ रही है मांग

यात्री संगठन रेलवे प्रशासन से स्टेशन को टर्मिनल बनाने की मांग कर रहे हैं.

विज्ञापन

बेगूसराय. बिहार की औद्योगिक राजधानी, वाणिज्य एवं व्यापार का प्रमुख केंद्र, जिला मुख्यालय और ऐतिहासिक महत्व वाला शहर बेगूसराय रेलवे सेवाओं की दृष्टि से लंबे समय से उपेक्षित बना हुआ है. पटना के बाद राज्य को सबसे अधिक राजस्व देने वाले इस जिले का मुख्य रेलवे स्टेशन आज तक किसी भी प्रमुख ट्रेन का टर्मिनल स्टेशन नहीं बन पाया है. इस स्थिति के खिलाफ स्थानीय लोग और यात्री संगठनों ने आवाज उठाना शुरू कर दिया है और रेलवे प्रशासन से स्टेशन को टर्मिनल बनाने की मांग कर रहे हैं.

छोटे-छोटे स्टेशन को बनाया जा रहा है टर्मिनल

दैनिक रेल यात्री संघ के महासचिव राजीव कुमार ने कहा कि यदि समस्तीपुर जैसे केवल छह किलोमीटर दूरी पर स्थित छोटे स्टेशन को वहां के जनप्रतिनिधियों की पहल से टर्मिनल बनाया जा सकता है और ललितग्राम जैसे छोटे एवं कम महत्वपूर्ण स्थान को आइकॉनिक ट्रेनें जैसे वैशाली सुपरफास्ट और राज्यरानी सुपरफास्ट का टर्मिनल बनाने के बावजूद रेलवे प्रशासन कोई आपत्ति नहीं करता, तो बेगूसराय जैसे ऐतिहासिक, औद्योगिक और जनसंख्या की दृष्टि से महत्वपूर्ण नगर को टर्मिनल बनाने में आखिर क्या समस्या है.

बेगूसराय से नियमित को भी किया जा चुका है बंद

स्थानीय निवासी शिवम कुमार ने बताया कि कुछ वर्ष पूर्व तक बेगूसराय से नियमित ट्रेन संचालन होता था, लेकिन उसे बंद कर दिया गया. उन्होंने कहा कि शहर में स्टेबलिंग लाइन मौजूद थी, जिसे भी हटाकर उखाड़ दिया गया. शिवम ने इस बदलाव को किसी सुनियोजित साजिश का हिस्सा बताते हुए सवाल उठाया कि क्या बेगूसराय को मात्र एक रोडसाइड स्टेशन की तरह प्रस्तुत कर उसके महत्व को कम किया जा रहा है. उन्होंने उदाहरण दिया कि पटना जंक्शन से केवल दो किलोमीटर दूर स्थित राजेंद्र नगर टर्मिनल स्वतंत्र रूप से ट्रेनें चला सकता है और लाखों यात्रियों को सुविधा दे सकता है. अगर इतने छोटे स्टेशन से ट्रेनें चलायी जा सकती हैं तो बेगूसराय को टर्मिनल बनाने में क्यों बाधा है.

कोलकाता व पटना की स्पेशल ट्रेन शुरू होने से होगी आमदनी

स्थानीय निवासी नीतीश कुमार ने कहा कि बेगूसराय की औद्योगिक, आर्थिक और यात्री आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए यहां से पटना, दिल्ली और कोलकाता जैसे व्यस्त मार्गों पर प्रतिदिन कम से कम एक-एक ट्रेन का सीधा परिचालन आरंभ करना अत्यंत आवश्यक है. इससे हजारों यात्रियों को सुविधा मिलेगी और रेलवे के राजस्व में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी. बेगूसराय निवासी यह भी मानते हैं कि शहर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान के साथ-साथ इसकी औद्योगिक भूमिका को देखते हुए रेलवे प्रशासन को स्टेशन को उपेक्षित छोड़ने की बजाय उसे टर्मिनल के रूप में विकसित करना चाहिए. स्थानीय लोग रेल मंत्रालय और रेलवे प्रशासन से आग्रह कर रहे हैं कि बेगूसराय रेलवे स्टेशन को जल्द से जल्द टर्मिनल स्टैंडर्ड सुविधाओं से लैस किया जाये और यहां से सीधी ट्रेन सेवाएं शुरू की जाएं. इस मांग में शहर के निवासी, यात्री संगठन और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हैं और वे मानते हैं कि स्टेशन के टर्मिनल बनने से न केवल यात्री सुविधा बढ़ेगी, बल्कि शहर के औद्योगिक और वाणिज्यिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Shah Abid Hussain

लेखक के बारे में

By Shah Abid Hussain

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन