बरौनी में निजी क्लीनिक में इलाज के दौरान बुजुर्ग की मौत के बाद भारी हंगामा, झोलाछाप डॉक्टर पर इलाज करने का लगा आरोप
सांकेतिक तस्वीर
Begusarai Private Clinic Death : बेगूसराय के बरौनी थाना क्षेत्र में एक निजी क्लीनिक में इलाज के दौरान 60 वर्षीय बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया. पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है.
बेगूसराय से विकाश मिश्रा की रिपोर्ट
Begusarai Private Clinic Death : बरौनी थाना क्षेत्र के पपरौर गांव स्थित एक निजी क्लीनिक में इलाज के दौरान 60 वर्षीय सुन सुन पासवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने क्लीनिक में जमकर हंगामा किया. सूचना पर पहुंची बरौनी थाना पुलिस ने लोगों को शांत कराया और मामले की जांच शुरू कर दी.
परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
जानकारी के अनुसार भीषण गर्मी के बीच सुन सुन पासवान पेट में गैस और दर्द की शिकायत के कारण इलाज कराने गांव के एक निजी क्लीनिक पहुंचे थे. उनके पुत्र वीरेंद्र पासवान उन्हें इलाज के लिए लेकर गए थे. परिजनों का आरोप है कि क्लीनिक में मौजूद कंपाउंडर ने दोनों हाथों की नस में सुई लगाई, जिसके बाद एक हाथ तेजी से फूल गया और उनकी तबीयत बिगड़ने लगी.
कंपाउंडर और चिकित्सक के चले जाने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि सुई लगाने के बाद कंपाउंडर दवा लाने की बात कहकर चला गया, जबकि चिकित्सक भी कुछ देर में आने की बात कहकर क्लीनिक से निकल गए. इसी दौरान बुजुर्ग की हालत लगातार बिगड़ती गई और इलाज के अभाव में उनकी मौत हो गई.
घटना के बाद क्लीनिक में हंगामा
मौत की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए तथा क्लीनिक में हंगामा करने लगे. करीब दो घंटे बाद चिकित्सक क्लीनिक पहुंचे, जिसके बाद मामले की सूचना बरौनी थाना पुलिस को दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाकर शांत कराया.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
परिजनों ने रातभर शव को क्लीनिक पर ही रखा. शनिवार सुबह पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेजा. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट होंगे और उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें : पटना जंक्शन पर जाली नोट दिखाकर यात्रियों को बनाते थे शिकार, गिरोह का सरगना दिल्ली से गिरफ्तार, कई साथियों की तलाश जारी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Nikhil Anurag
मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर पलायन कर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










