साहेबपुर कमाल में एटक महासचिव अमरजीत कौर का केंद्र सरकार पर हमला, श्रमिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष का किया आह्वान

एटक नेता को सम्मानित करते कम्युनिस्ट कार्यकर्ता
Begusarai News : एटक महासचिव अमरजीत कौर ने साहेबपुर कमाल में केंद्र सरकार की श्रम और रोजगार नीतियों की कड़ी आलोचना की. उन्होंने युवाओं और श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा पर जोर दिया.
Begusarai News : बेगूसराय के साहेबपुर कमाल में अखिल भारतीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एटक) की महासचिव अमरजीत कौर ने रविवार को कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया. वह बिहार राज्य एटक के राज्य सम्मेलन में भाग लेने के लिए सड़क मार्ग से पटना से खगड़िया जा रही थीं. इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की श्रम, रोजगार और आर्थिक नीतियों पर तीखा हमला बोला.
श्रमिकों और युवाओं के मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा
अपने संबोधन में अमरजीत कौर ने कहा कि वर्तमान सरकार की नीतियां मजदूर, किसान, छात्र और युवा विरोधी हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि श्रमिकों के अधिकारों को लगातार कमजोर किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि देश में बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार पेपर लीक होने की घटनाओं से युवाओं में निराशा और आक्रोश बढ़ा है. उनके अनुसार, युवाओं का सड़कों पर उतरकर आंदोलन करना सरकार की नीतियों के प्रति बढ़ते जन असंतोष का संकेत है.
नई श्रम संहिताओं पर उठाए सवाल
अमरजीत कौर ने आरोप लगाया कि नई श्रम संहिताओं के माध्यम से नियोक्ताओं को अधिक अधिकार दिए जा रहे हैं, जबकि श्रमिकों और ट्रेड यूनियनों के अधिकारों को सीमित करने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि मजदूरों ने लंबे संघर्ष के बाद जो अधिकार हासिल किए हैं, उन्हें समाप्त करने की किसी भी कोशिश का देशभर में विरोध किया जाएगा.
लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष का किया आह्वान
उन्होंने कहा कि ट्रेड यूनियनों की जिम्मेदारी है कि वे मजदूर आंदोलन को नई ऊर्जा और व्यापक एकजुटता के साथ संगठित करें. श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए निर्णायक संघर्ष जरूरी है. उन्होंने कहा कि केवल सांकेतिक विरोध से काम नहीं चलेगा, बल्कि मजदूरों, किसानों, छात्रों और युवाओं को लोकतांत्रिक तरीके से संगठित होकर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़नी होगी.
नेताओं ने किया स्वागत, कई लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के अंचल सचिव सह पूर्व प्रमुख मनोज कुमार, सनहा पश्चिम पंचायत की मुखिया पूनम देवी तथा पूर्व मुखिया ललिता कुमारी ने अमरजीत कौर का पुष्पगुच्छ और माला पहनाकर स्वागत किया. इस अवसर पर एटक पटना के महासचिव अजय कुमार सिंह, चंदेश्वर सिंह, प्रोफेसर अरुण कुमार, गजनफर नवाब, जिला परिषद सदस्य रामकुमार सिंह, अंचल परिषद सदस्य गणेश चौधरी, सरफराज आलम, गणेश पोद्दार, गोपाल पटेल, मोहम्मद नौशाद, अनवर आलम तथा पैक्स अध्यक्ष रतन कुमार पासवान सहित बड़ी संख्या में एटक कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे.
Also Read : नवादा में देवधा कॉलेज मोड़ पर अनियंत्रित बाइक ने छात्रा को मारी टक्कर, दोनों गंभीर रूप से घायल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










