शादी की तैयारी के बीच वज्रपात का कहर, टेंट कर्मी की मौत, कई घायल.

Updated:
विज्ञापन
शादी की तैयारी के बीच वज्रपात का कहर, टेंट कर्मी की मौत, कई घायल.

खोड़ीमोड़ गांव निवासी बिलाल अंसारी की पुत्री की शादी को लेकर घर में जोर-शोर से तैयारियां चल रही थीं.आज बारात आने वाली है. टेंट लगाने का कार्य किया जा रहा था तभी हादसा हो गया.

विज्ञापन

बौंसी, (बांका) से संजीव पाठक की रिपोर्ट,

बंधुआकुरावा थाना क्षेत्र के खोड़ीमोड़ गांव में शनिवार को एक शादी समारोह की तैयारियों के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्चे समेत कई लोग घायल हो गये. घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और शादी वाले घर की खुशियां मातम में बदल गईं.

जानकारी के अनुसार खोड़ीमोड़ गांव निवासी बिलाल अंसारी की पुत्री की शादी को लेकर घर में जोर-शोर से तैयारियां चल रही थीं.आज बारात आने वाली है , जिसके लिए टेंट लगाने का कार्य किया जा रहा था.इसी दौरान मौसम अचानक बदल गया और हल्की बारिश शुरू हो गई. बारिश के बीच तेज गर्जना के साथ हुई वज्रपात की चपेट में टेंट लगाने में जुटे कई लोग आ गये.

कई लोग हो गये घायल

घटना में असनाहा गांव निवासी गुरुदेव यादव के 23 वर्षीय पुत्र अमित कुमार गंभीर रूप से झुलस गये. वहीं मोफील मंडल के 40 वर्षीय पुत्र राजू मंडल, मीहीलाल यादव के 15 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार, मोड़ निवासी सामाजिक कार्यकर्ता निजामुद्दीन अंसारी तथा गांव निवासी मुन्ना अंसारी का पांच वर्षीय पुत्र अफान अंसारी भी घायल हो गये. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बिजली गिरने की तीव्रता इतनी अधिक थी कि टेंट में लगा बांस फटकर बिखर गया और कुछ क्षण के लिए आसपास का इलाका अंधेरे में डूब गया.

घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने सभी घायलों को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में चिकित्सक कुमारी अर्चना ने जांच के बाद अमित कुमार को मृत घोषित कर दिया. जबकि अन्य घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया.

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही बंधुआकुरावा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची. थानाध्यक्ष शैलेश कुमार के निर्देश पर पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.

एक वर्ष पहले हुई थी शादी, दस माह की बेटी को छोड़ गया अमित

अमित कुमार की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. अस्पताल पहुंचे पिता गुरुदेव यादव और मां बबीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल था. मृतक की पत्नी भी पति की असमय मौत से गहरे सदमे में है. परिजनों ने बताया कि अमित की शादी करीब एक वर्ष पूर्व हुई थी. उसकी दस माह की एक पुत्री भी है.

पिता ने बताया कि परिवार का बड़ा पुत्र सुमन कुमार दिल्ली में मजदूरी करता है. घटना की जानकारी उसे भी दे दी गई है और उसके घर लौटने का इंतजार किया जा रहा है.

गांव में पसरा मातम

घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार अस्पताल पहुंच गये. मृतक की बहन सहित परिवार के अन्य सदस्य भी बदहवास दिखे. शादी वाले घर में जहां कुछ घंटे पहले तक उत्सव का माहौल था, वहीं इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.

विज्ञापन
Manish Kumar

लेखक के बारे में

By Manish Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन