बांका में वज्रपात से तीन महिलाओं की मौत, किशोर और किशोरी गंभीर, बारिश के दौरान बोंड़ा गांव में हुआ हादसा

Updated:
विज्ञापन

घायलों को अस्पताल लाते परिजन | Prabhat Khabar Network

चांदन प्रखंड के बोंड़ा गांव में बारिश के दौरान हुई वज्रपात की घटना ने तीन महिलाओं की जान ले ली, जबकि एक किशोर और एक किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गए. इस हृदयविदारक हादसे से पूरे गांव में मातम पसर गया है.

विज्ञापन

चांदन प्रखंड अंतर्गत सुईया थाना क्षेत्र के बोंड़ा गांव में मंगलवार को बारिश के दौरान हुई वज्रपात की घटना में तीन महिलाओं की मौत हो गयी. वहीं वज्रपात की चपेट में आने से एक किशोर और एक किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गयी. स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटोरिया पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीन महिलाओं को मृत घोषित कर दिया. घायल किशोर और किशोरी का अस्पताल में उपचार जारी है.

बारिश के दौरान गिरी आकाशीय बिजली

बताया गया कि मंगलवार को क्षेत्र में बारिश हो रही थी. इसी दौरान बोंड़ा गांव में अचानक वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में पांच लोग आ गये. घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटोरिया पहुंचाया. अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने तीन महिलाओं को मृत घोषित कर दिया.

आपस में गोतनी थीं तीनों मृत महिलाएं

वज्रपात की घटना में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान बोंड़ा गांव निवासी शंभू यादव की 45 वर्षीय पत्नी कुसमी देवी, टीपन यादव की 35 वर्षीय पत्नी रिंकू देवी और राजेंद्र यादव की 38 वर्षीय पत्नी रेणु देवी के रूप में हुई है. तीनों महिलाएं आपस में गोतनी थीं. एक ही गांव और एक ही परिवारिक रिश्ते से जुड़ी महिलाओं की एक साथ मौत की खबर से ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गयी.

किशोर और किशोरी का अस्पताल में इलाज जारी

वज्रपात की घटना में सौरभ कुमार, पिता टीपन यादव और रानी कुमारी, पुत्री स्वर्गीय कार्तिक यादव भी घायल हो गये. दोनों की स्थिति गंभीर बतायी जा रही है और चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है.

घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे. तीन महिलाओं की मौत और दो बच्चों के घायल होने की घटना से पूरे गांव में कोहराम मचा हुआ है. ग्रामीणों के बीच घटना को लेकर गहरा शोक और मातम का माहौल है.


विज्ञापन
दीपक चौधरी

लेखक के बारे में

By दीपक चौधरी

दीपक चौधरी प्रिंट माध्यम में 23 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कटोरिया (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन