पुलिया का टूटा हुआ गाइड वॉल दे रहा खतरे को आमंत्रण

प्रखंड क्षेत्र के हरिपुर गांव सहित आधा दर्जन से अधिक गांवों की आबादी नहर पर बने पुलिया के टूटे हुए गाइड वॉल के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का शिकार हो रही है.
बाराहाट. प्रखंड क्षेत्र के हरिपुर गांव सहित आधा दर्जन से अधिक गांवों की आबादी नहर पर बने पुलिया के टूटे हुए गाइड वॉल के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का शिकार हो रही है. इस मार्ग से आने-जाने वाले लोग जब इस पुलिया पर पहुंचते हैं, तो गाइड वाल के टूटे होने के कारण कई बार नहर में गिर जाते हैं और गंभीर रूप से घायल हो जाते हैं. ग्रामीणों के अनुसार, नहर पर बनी यह पुलिया काफी पुरानी है और लगभग एक वर्ष से अधिक समय से इसके दोनों गाइड वाल टूटकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं. ग्रामीणों का कहना है कि यह पुलिया अचानक आने वाले तीखे मोड़ के पास स्थित है. ऐसे में बाइक और साइकिल सवार अक्सर संतुलन खो बैठते हैं और सीधे गहरे नहर में गिर जाते हैं. बरसात के मौसम में जब नहर में पानी का बहाव तेज रहता है तब दुर्घटना की आशंका और भी बढ़ जाती है. ऐसी स्थिति में जान-माल की बड़ी क्षति से भी इनकार नहीं किया जा सकता है. ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गयी है. इससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. लोगों ने प्रखंड स्तरीय अधिकारियों से जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान कराने की मांग की है. ज्ञात हो कि गोड्डा-बाराहाट मार्ग के लबोंखर चौक के समीप से हरिपुर जाने वाले ग्रामीण पथ पर गांव के पास से नहर गुजरती है और उसी पर यह पुलिया बनी हुई है. वर्षों पहले बनी यह पुलिया अब जर्जर स्थिति में पहुंच चुकी है. इस रास्ते से सैकड़ों ग्रामीण प्रतिदिन आवागमन करते हुए बौंसी जाने वाले मार्ग से जुड़ते हैं. इसके बावजूद अब तक पुलिया का न तो पुनर्निर्माण हुआ है और न ही मरम्मत करायी गयी है. इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी गोपाल कुमार गुप्ता ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं था. उन्होंने कहा कि शीघ्र ही स्थानीय प्रतिनिधियों से संपर्क कर समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




