77 लाख का टेंडर, फिर भी स्टाफ की कमी, नपं में होल्डिंग टैक्स जमा करने के दौरान मची अफरा-तफरी

Updated at : 31 Mar 2026 7:53 PM (IST)
विज्ञापन
77 लाख का टेंडर, फिर भी स्टाफ की कमी, नपं में होल्डिंग टैक्स जमा करने के दौरान मची अफरा-तफरी

नगर पंचायत बौंसी में इन दिनों बदहाल व्यवस्था लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है.

विज्ञापन

बौंसी. नगर पंचायत बौंसी में इन दिनों बदहाल व्यवस्था लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है. करीब 77 लाख रुपये के मानव बल आपूर्ति टेंडर के बावजूद कार्यालय में कर्मियों की भारी कमी बनी हुई है, जिससे कामकाज प्रभावित हो रहा है. मंगलवार को स्थिति उस समय और बिगड़ गयी, जब बड़ी संख्या में लोग होल्डिंग टैक्स जमा करने के लिए नगर पंचायत कार्यालय पहुंच गये. मात्र दो काउंटर होने और सीमित कर्मियों की तैनाती के कारण लंबी कतारें लग गयी और अफरा-तफरी का माहौल बन गया. लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा, वहीं कई जगहों पर धक्का-मुक्की जैसी स्थिति भी देखी गयी. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल को लगाना पड़ा. जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत के लिए मानव बल आपूर्ति का ठेका पटना की लभ रिसोर्सेस डेवलपमेंट प्राइवेट लिमिटेड को दिया गया है. यह निविदा 12 अप्रैल 2025 को भारत सरकार के जेम पोर्टल पर जारी की गयी थी. तकनीकी और वित्तीय मूल्यांकन के बाद कंपनी ने 77 लाख छह हजार 529.97 रुपये की सबसे कम बोली लगाकर यह काम हासिल किया था. चयन के समय एजेंसी को सभी आवश्यक पदों पर शीघ्र कर्मियों की तैनाती का निर्देश दिया गया था, ताकि कार्य सुचारू रूप से चल सके. हालांकि, जमीनी हकीकत इससे उलट नजर आ रही है. सूत्रों के मुताबिक, नगर पंचायत में जरूरत के मुकाबले काफी कम कर्मचारी तैनात हैं, जिससे दैनिक कार्यों पर असर पड़ रहा है. स्थानीय लोगों और पूर्व प्रत्याशी पूजा अग्रवाल ने भी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि टेंडर के अनुरूप पर्याप्त कर्मियों की नियुक्ति की जाती, तो ऐसी स्थिति नहीं बनती. लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द पर्याप्त मानव बल उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि नगर पंचायत में व्यवस्था सामान्य हो सके. इस मामले में पूछे जाने पर नगर अध्यक्ष कोमल भारती ने बताया कि पांच कर्मियों की तैनाती की गयी है और इसी हिसाब से संवेदक को राशि का भुगतान भी होगा.

विज्ञापन
SHUBHASH BAIDYA

लेखक के बारे में

By SHUBHASH BAIDYA

SHUBHASH BAIDYA is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन