श्रावणी मेले से पहले बांका के शिवालयों में उमड़ी भीड़, सोमवारी पर जलाभिषेक के लिए लगी लंबी कतारें

बाबुटोला स्थित महादेव मंदिर | Prabhat Khabar Network
Shravani Mela 2026 : श्रावणी मेला 2026 की तैयारियां जोरों पर हैं। बांका के प्रमुख शिवालयों की साफ-सफाई और सजावट अंतिम चरण में है. सोमवारी पर भक्तों ने भारी संख्या में पहुंचकर जलाभिषेक किया.
Shravani Mela 2026 : श्रावणी मेला शुरू होने से पहले जिले के सभी प्रमुख शिवालयों की साफ-सफाई, रंग-रोगन और आकर्षक सजावट का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है. मंदिर समितियां श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक वातावरण को भव्य बनाने के लिए लगातार तैयारियों में जुटी हैं. शहर से लेकर प्रखंड मुख्यालयों तक मंदिरों को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया जा रहा है.
सोमवारी पर भयहरण स्थान से धनकुंड तक उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
सोमवार को शहर के भयहरण स्थान, पंचमुखी मंदिर, अमरपुर के प्रसिद्ध ज्येष्ठगौरनाथ मंदिर और मेढ़ियानाथ शिव मंदिर, बाराहाट के गोड़धुआ मंदिर तथा धोरैया के धनकुंड शिव मंदिर में सुबह पांच बजे पट खुलते ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. सबसे पहले शिवलिंग का दूध से अभिषेक किया गया, जिसके बाद श्रद्धालुओं ने गंगाजल, बेलपत्र, धतूरा और पुष्प अर्पित कर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की. कई मंदिरों में दिनभर भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन भी हुआ.
मंदार मधुसूदन मंदिर में पूरे दिन चला विशेष अनुष्ठान
मंदार मधुसूदन मंदिर में भी विशेष धार्मिक आयोजन हुए. मंदिर के पुजारियों बिंदेश्वरी उर्फ पटल झा और लक्ष्मण झा ने सुबह 7:30 बजे भगवान का पंचामृत से अभिषेक कराया. दोपहर 12 बजे भगवान को भोग अर्पित किया जायेगा, जबकि शाम 6 बजे श्रृंगार पूजा और भव्य आरती का आयोजन होगा. श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए दोपहर 1 बजे मंदिर के पट खोले जायेंगे और रात 7 बजे पुनः बंद कर दिए जायेंगे. मंदिर परिसर में पूरे दिन श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रहेगी.
कांवरियों की बढ़ी चहल-पहल, शिवमय हुआ बांका
सुल्तानगंज और भागलपुर के बरारी गंगा घाट से पवित्र गंगाजल लेकर कांवरियों का जत्था बाबा बैद्यनाथ धाम और बासुकीनाथ के लिए लगातार रवाना हो रहा है. जिले के विभिन्न मार्गों पर 'बोल बम' के जयघोष से माहौल भक्तिमय हो गया है. प्रशासन और मंदिर समितियों को उम्मीद है कि श्रावणी मेले के आरंभ के साथ श्रद्धालुओं की संख्या में और अधिक बढ़ोतरी होगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By चंदन कुमार
चंदन कुमार बांका में प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










