श्रावणी मेला में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ले प्रशासन सख्त, अधिक दाम और मिलावटी सामग्री पर बेचने पर कार्रवाई

Updated:
विज्ञापन

कांवरिया पथ पर निरीक्षण करते सिविल सर्जन. | Prabhat Khabar Network

Shravani Mela Food Safety : श्रावणी मेला 2026 के दौरान कांवरिया श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए बांका जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है. सिविल सर्जन ने स्वास्थ्य शिविरों, एंबुलेंस और खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया, जिसमें कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं.

विज्ञापन

Shravani Mela Food Safety : श्रावणी मेला 2026 के दौरान कांवरिया श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने को लेकर बांका जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. इसी क्रम में सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र सिंह ने विभिन्न स्वास्थ्य शिविरों, एंबुलेंस और खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान कई अनियमितताएं सामने आने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए.

एएलएस एंबुलेंस और स्वास्थ्य सेवाओं की हुई जांच

अबरखा धर्मशाला में तैनात एएलएस एंबुलेंस की सघन जांच की गई. जांच के दौरान एंबुलेंस में लगा कार्डियक मॉनिटर और वेंटिलेटर पूरी तरह कार्यशील पाया गया. सिविल सर्जन ने स्वास्थ्य शिविरों में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का भी निरीक्षण किया और प्रतिनियुक्त चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही आवश्यक दवाओं और जीवनरक्षक उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने तथा आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने को कहा.

अधिक कीमत पर कोल्ड ड्रिंक बेचने का मामला आया सामने

खाद्य सुरक्षा जांच के दौरान जमुई धर्मशाला के समीप स्थित दिनेश पंडित के रेस्टोरेंट में 40 रुपये अंकित मूल्य वाली कोल्ड ड्रिंक 50 रुपये में बेचे जाने का मामला सामने आया. वहीं पास के रोहित यादव के रेस्टोरेंट में कई खाद्य पदार्थ खुले में और मक्खियों के संपर्क में रखकर बेचे जाते मिले. मामले को गंभीर मानते हुए सिविल सर्जन ने मौके पर ही मार्केटिंग ऑफिसर और खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी को बुलाकर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया.

होटलों में इंडस्ट्रियल कलर का इस्तेमाल पकड़ा गया

कटोरिया क्षेत्र के कई होटलों की जांच के दौरान खाद्य पदार्थों में इंडस्ट्रियल कलर का उपयोग पाया गया. खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुमन प्रकाश ने मौके पर ही ऐसी खाद्य सामग्री को नष्ट कराया. साथ ही होटल संचालकों को सख्त चेतावनी दी गई कि भविष्य में ऐसी अनियमितता मिलने पर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र सिंह ने स्पष्ट कहा कि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण जारी रखने और किसी भी तरह की लापरवाही मिलने पर तत्काल विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. प्रशासन का उद्देश्य मेला क्षेत्र में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य एवं खाद्य सेवाएं उपलब्ध कराना है.


विज्ञापन
दीपक चौधरी

लेखक के बारे में

By दीपक चौधरी

दीपक चौधरी प्रिंट माध्यम में 23 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कटोरिया (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन