रिमझिम बारिश और बोल-बम के जयघोष से गूंजा कांवरिया पथ, श्रावणी मेले के आठवें दिन उमड़ी आस्था की भीड़
बाबाधाम जाते कांवरिये.
श्रावणी मेले के आठवें दिन रिमझिम बारिश ने कांवरिया पथ को और भी भक्तिमय बना दिया. सुहाने मौसम के बीच श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर दिखा, जो बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के लिए पूरे जोश के साथ आगे बढ़ रहे थे.
Shravani Mela : गुरुवार सुबह हुई हल्की बारिश ने पूरे कांवरिया पथ का माहौल और भी भक्तिमय बना दिया. सुहाने मौसम के कारण कांवरियों के कदमों में नई ऊर्जा देखने को मिली. कंधों पर कांवर लिए श्रद्धालु बोल-बम और हर-हर महादेव के जयघोष के साथ अपनी मंजिल की ओर लगातार बढ़ते रहे. बारिश के कारण यात्रा अपेक्षाकृत आसान होने से शिवभक्तों के चेहरे पर अलग ही उत्साह नजर आया.
हर उम्र के श्रद्धालुओं में दिखी अटूट आस्था
बाबा बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग पर जलार्पण की इच्छा लेकर महिला, पुरुष, युवा और बुजुर्ग श्रद्धालु लगातार बाबा धाम की ओर बढ़ते रहे. कहीं भजन-कीर्तन करते श्रद्धालुओं की टोलियां दिखीं तो कहीं बोल-बम के जयघोष के साथ नाचते-झूमते कांवरिये आकर्षण का केंद्र बने रहे. पूरे मार्ग पर श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला.
प्रमुख पड़ावों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
जिलेबिया मोड़, सुईया पहाड़, टंगेश्वर, शिवलोक, लोहटनियां, अबरखा, सतलेटवा, तरपतिया, दुल्लीसार, जमुआ मोड़, राजबाड़ा, कोल्हुआ, देवासी, लक्ष्मणझूला, इनारावरण, भूलभुलैया, गोड़ियारी और दुम्मा सहित कांवरिया पथ के विभिन्न पड़ावों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी रही. केसरिया वस्त्रों से सजा पूरा मार्ग शिवभक्ति के रंग में रंगा नजर आया.
प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था रखी चुस्त
श्रावणी मेले को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा. अधिकारी लगातार कांवरिया पथ का भ्रमण कर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे. संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखी गई, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.
भक्ति और सुरक्षा के बीच आगे बढ़ती रही यात्रा
सुहाने मौसम और प्रशासन की सतर्क व्यवस्था के बीच कांवरिये निर्भीक होकर दिन-रात बाबा बैद्यनाथ की भक्ति में लीन अपनी यात्रा पूरी करने में जुटे रहे. श्रद्धालुओं का उत्साह, बोल-बम के जयघोष और शिवभक्ति से सराबोर वातावरण ने श्रावणी मेले की भव्यता को और अधिक आकर्षक बना दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By दीपक चौधरी
दीपक चौधरी प्रिंट माध्यम में 23 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कटोरिया (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










