जीतू मंडल हत्याकांड में छह नामजद, एसडीपीओ ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, वैज्ञानिक जांच में जुटी पुलिस

Updated:
विज्ञापन
एसडीपीओ एवं अंचल पुलिस निरीक्षक का  | Prabhat Khabar Network

एसडीपीओ एवं अंचल पुलिस निरीक्षक करते हुए | Prabhat Khabar Network

शंभुगंज में जीतू मंडल की हत्या के मामले में पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

विज्ञापन

Banka Murder Case: शंभुगंज (बांका). शंभुगंज थाना क्षेत्र के केहनीचक गांव निवासी युवक जीतू मंडल की हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. मृतक के पिता अजय मंडल एवं मां मीरा देवी के लिखित आवेदन पर शंभुगंज थाना में छह लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस पूरे मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच कर रही है.

छह लोगों पर हत्या का आरोप

दर्ज प्राथमिकी में मोनू कुमार, सोनू कुमार, विभाष मंडल, मेजर सिंह, बिट्टू कुमार और गोलू कुमार को नामजद आरोपी बनाया गया है. परिजनों ने आरोप लगाया है कि इन लोगों ने जीतू मंडल की हत्या कर शव को नदी में फेंक दिया. आवेदन के आधार पर मामला दर्ज होने के बाद पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है.

एसडीपीओ और सर्किल इंस्पेक्टर ने किया निरीक्षण

गुरुवार को बांका एसडीपीओ अमर विश्वास एवं सर्किल इंस्पेक्टर रमाशंकर सिंह शंभुगंज थाना पहुंचे. उन्होंने स्थानीय पुलिस अधिकारियों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की. अधिकारियों ने पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये.

पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार

एसडीपीओ अमर विश्वास ने बताया कि मामले की हर पहलू से गंभीरता से जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल की रिपोर्ट मिलने के बाद घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. वहीं थानाध्यक्ष राजकुमार प्रसाद ने बताया कि पुलिस वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जायेगा.

जमानत पर छूटने के एक सप्ताह बाद हुई हत्या

पुलिस के अनुसार मंगलवार की देर शाम करसोप-केहनीचक मार्ग के समीप बुढ़वा बांध नदी से जीतू मंडल का शव बरामद किया गया था. वह करीब तीन वर्ष बाद सिक्का डॉन उर्फ सिक्का कुमार हत्याकांड में जमानत पर रिहा होकर लगभग एक सप्ताह पहले ही घर लौटा था. पुलिस ने बताया कि मृतक का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है.

आरोपियों के परिजनों ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

Banka Murder Case: दूसरी ओर नामजद आरोपियों के परिजनों ने सभी आरोपों को झूठा और निराधार बताया है. उनका कहना है कि साजिश के तहत उनके परिवार के सदस्यों को इस मामले में फंसाया गया है और घटना से उनका कोई संबंध नहीं है. पुलिस ने कहा है कि सभी पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर आगे की कार्रवाई की जायेगी.


विज्ञापन
ठाकुर विनोद कुमार

लेखक के बारे में

By ठाकुर विनोद कुमार

ठाकुर विनोद कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. शंभूगंज (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन