प्रधानमंत्री मोदी ने जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ा: रामनारायण मंडल

Published by : VINOD RAO Updated At : 10 Jun 2026 5:34 PM

विज्ञापन

रामनारायण मंडल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश के लोकतांत्रिक इतिहास में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है. उन्होंने बताया कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने लगातार 4,398 दिनों तक देश के प्रधानमंत्री के रूप में सेवा दी थी, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4,399 दिनों से अधिक समय तक इस दायित्व का सफलतापूर्वक निर्वहन कर नया इतिहास रच चुके हैं.

विज्ञापन

बांका:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 12 वर्षों से अधिक समय तक देश के प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देने और स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड तोड़ने पर सूबे के पूर्व मंत्री एवं बांका विधायक रामनारायण मंडल ने भगवान भोलेनाथ के मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की.

मोदी के लिए विशेष शुभकामनाएं

इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी और इसे भारतीय लोकतंत्र का ऐतिहासिक क्षण बताया. रामनारायण मंडल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश के लोकतांत्रिक इतिहास में नया कीर्तिमान स्थापित किया है. उन्होंने बताया कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने लगातार 4,398 दिनों तक देश के प्रधानमंत्री के रूप में सेवा दी थी, जबकि प्रधानमंत्री मोदी 4,399 दिनों से अधिक समय तक इस दायित्व का सफलतापूर्वक निर्वहन कर नया इतिहास रच चुके हैं.

जनता का विश्वास और नेतृत्व की उपलब्धियां

रामनारायण मंडल ने कहा कि विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र में जनता का लंबे समय तक विश्वास और समर्थन प्राप्त करना प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता, दूरदर्शी नेतृत्व क्षमता और जनसेवा के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता का परिचायक है. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने आधारभूत संरचना, डिजिटल क्रांति, रेलवे आधुनिकीकरण, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, गरीब कल्याण योजनाओं, महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भर भारत अभियान और वैश्विक मंचों पर बढ़ती प्रतिष्ठा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं.

गरीब कल्याण और सामाजिक योजनाएं

पूर्व मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 80 करोड़ से अधिक लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है. आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से 50 करोड़ से अधिक लोगों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा दी जा रही है, जो विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजनाओं में से एक है. प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 4 करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए, जबकि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 10 करोड़ से अधिक महिलाओं को निःशुल्क एलपीजी गैस कनेक्शन मिलाकर उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर प्रदान किया गया.

धार्मिक एवं सांस्कृतिक विकास

रामनारायण मंडल ने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर के निर्माण में प्रधानमंत्री की महत्वपूर्ण भूमिका रही है. इसके अलावा काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, केदारनाथ धाम के पुनर्विकास और अन्य धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के विकास कार्यों के माध्यम से भारत की सांस्कृतिक धरोहर को नई पहचान मिली है.

साहसिक निर्णय और महिला सशक्तिकरण

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने जैसे साहसिक निर्णय लिए गए, जिससे राष्ट्रीय एकता और अखंडता मजबूत हुई. साथ ही, मुस्लिम महिलाओं के हित में तीन तलाक जैसी कुप्रथा को समाप्त करने का ऐतिहासिक निर्णय भी लिया गया, जिसने महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया.

विज्ञापन
VINOD RAO

लेखक के बारे में

By VINOD RAO

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन