बौसी में प्रेमी के साथ रह रही विवाहिता की मौत पर हत्या का केस, मां के बयान पर चार लोग नामजद
Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 04 Jun 2026 9:52 AM
विज्ञापन
Banka News : बांका जिले के बौंसी में 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. गंभीर रूप से झुलसने के बाद इलाज के दौरान हुई मौत के मामले में मृतका की मां ने चार लोगों पर पेट्रोल छिड़ककर हत्या करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
विज्ञापन
बौंसी ( बांका ) से संजीव पाठक की रिपोर्ट
Banka News : बौंसी बाजार थाना कॉलोनी स्थित एक किराये के मकान में रह रही विवाहिता ज्योति कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद मामला नया मोड़ ले चुका है. भागलपुर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी. अब मृतका की मां के फर्द बयान पर चार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है. घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है.झुलसने के बाद इलाज के दौरान हुई मौत
जानकारी के अनुसार बाराहाट थाना क्षेत्र के सुपहा गांव निवासी 25 वर्षीय ज्योति कुमारी मंगलवार को आग से गंभीर रूप से झुलस गई थी. परिजन उसे तत्काल बौंसी रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए भागलपुर रेफर कर दिया गया. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पोस्टमार्टम के बाद बुधवार देर रात शव गांव पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया.मां ने लगाया पेट्रोल छिड़ककर हत्या का आरोप
मृतका की मां रेखा देवी ने भागलपुर के बरारी थाना में दिए गए फर्द बयान में गांव के राजेश उर्फ राजू मंडल और उसके पुत्र अभिषेक, अभिजीत तथा अजीत को नामजद किया है. उन्होंने आरोप लगाया है कि उनकी पुत्री पर पेट्रोल छिड़ककर उसकी हत्या की गई. मां का कहना है कि उनकी बेटी को पहले से प्रताड़ित किया जाता था और उसे लगातार मानसिक तथा शारीरिक रूप से परेशान किया जा रहा था.पुलिस जांच के बाद सामने आएगी सच्चाई
पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और गवाहों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है.प्रेम प्रसंग के कारण चर्चा में रही थी ज्योति
ग्रामीणों के अनुसार ज्योति कुमारी की शादी वर्ष 2017 में धोरैया प्रखंड के अहीरो गांव निवासी आशीष कुमार के साथ हुई थी. बाद में गांव के ही युवक अभिजीत के साथ उसके प्रेम संबंधों की चर्चा होने लगी. बताया जाता है कि इसके बाद वह अपने पहले पति का घर छोड़कर प्रेमी के साथ रहने लगी थी और दोनों ने मंदिर में विवाह कर लिया था.सामाजिक स्तर पर हुई पंचायत और बातचीत के बाद दोनों को साथ रहने की अनुमति मिल गई थी. ग्रामीणों के अनुसार पिछले करीब चार वर्षों से दोनों पति-पत्नी की तरह रह रहे थे. हालांकि इस दौरान उनके संबंधों में तनाव की बातें भी सामने आती रही थीं.मौत के बाद उठ रहे हैं कई सवाल
घटना के बाद पूरे गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. एक ओर परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर लोग इस बात को लेकर भी सवाल उठा रहे हैं कि आखिर ऐसी कौन-सी परिस्थितियां बनीं, जिनके कारण यह दर्दनाक घटना हुई. हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा.तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया
ज्योति की मौत ने तीन छोटे बच्चों को मां के प्यार से हमेशा के लिए दूर कर दिया है. बताया जाता है कि उसके पांच वर्षीय जुड़वा पुत्र आनंद और पीयूष अपने पूर्व पति के पास रहते हैं, जबकि चार वर्षीय पुत्री अनुष्का ननिहाल में रह रही थी. मां की असमय मौत के बाद अब तीनों बच्चों के भविष्य को लेकर परिजनों की चिंता बढ़ गई है.गांव में पसरा मातम, निष्पक्ष जांच की मांग
शव गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि ग्रामीण भी इस घटना से स्तब्ध हैं. स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल पुलिस हर पहलू की जांच में जुटी हुई है और पूरे मामले पर लोगों की नजर बनी हुई है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










