बटसार व घसिया पंचायत के सहयोग शिविर में कई मामलों का हुआ ऑन द स्पॉट निष्पादन
Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 20 May 2026 10:50 AM
Banka Dhoriya Sahyog Camp News: बटसार और घसिया पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में लोगों की समस्याओं को लेकर भारी भीड़ उमड़ी. दोनों पंचायतों से कुल 199 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया, जबकि लंबित मामलों पर अधिकारियों ने 30 दिनों के भीतर कार्रवाई का भरोसा दिया.
धोरैया (बांका) से प्रदीप कुमार की रिपोर्ट :
बांका जिले के धोरैया प्रखंड में मंगलवार को आयोजित सहयोग शिविर में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी. बटसार और घसिया पंचायत में लगे इस Special Public Camp में जमीन विवाद, प्रमाण पत्र, सरकारी योजनाओं और अन्य समस्याओं को लेकर कुल 199 आवेदन प्राप्त हुए. प्रशासन की ओर से जरूरी कागजात पूरे मिलने पर कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया, जबकि अपूर्ण आवेदनों को अस्वीकृत कर दिया गया. शिविर में अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि लंबित मामलों का निपटारा 30 दिनों के भीतर करना अनिवार्य है.बटसार में 105, तो घसिया में आये 94 आवेदन
प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में आयोजित सहयोग शिविर में बटसार पंचायत से 105 और घसिया पंचायत से 94 आवेदन प्राप्त हुए. मंगलवार को ही बटसार में 10 और घसिया पंचायत में 27 नए आवेदन भी जमा किए गए. लोगों ने जमीन, राजस्व, प्रमाण पत्र और सरकारी योजनाओं से जुड़ी शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं. शिविर में बांका के डीसीएलआर मनीष कुमार, बौसी एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा, बीडीओ अरविंद कुमार, सीओ श्रीनिवास कुमार सिंह और इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष अमित कुमार मौजूद रहे.
जरूरी दस्तावेज पूरे होने पर हुआ तत्काल समाधान
अधिकारियों ने बताया कि जिन आवेदनों में सभी आवश्यक कागजात और प्रक्रियाएं पूरी पायी गयीं, उनका तत्काल निष्पादन कर दिया गया. वहीं जिन आवेदनों में दस्तावेज अधूरे मिले, उन्हें अस्वीकृत कर दिया गया. कुछ मामलों में जांच की आवश्यकता होने के कारण संबंधित अधिकारियों ने उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए वरीय पदाधिकारियों को भेज दिया है. प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि हर आवेदन की ऑनलाइन मॉनिटरिंग जिला से लेकर राज्य और मुख्यमंत्री कार्यालय तक की जाती है.30 दिनों में निपटारा नहीं हुआ तो हो सकती है कार्रवाई
अधिकारियों ने शिविर में मौजूद कर्मियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सहयोग शिविर में प्राप्त आवेदनों का निष्पादन 30 दिनों के भीतर करना अनिवार्य है. जानबूझकर देरी करने वाले पदाधिकारियों पर निलंबन जैसी कार्रवाई भी हो सकती है. बटसार पंचायत में मुखिया रजनीश कुमार और घसिया पंचायत में मुखिया अनीता यादव की मौजूदगी में शिविर संचालित किया गया. कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख रंजू देवी भी उपस्थित रहीं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










