श्रावणी मेला से पहले कटोरिया बाइपास की बदहाली बनी चिंता, जर्जर सड़क से कांवरिया वाहनों पर संकट

Updated:
विज्ञापन
दयनीय बाईपास मार्ग | Prabhat Khabar Network

बदहाल कांवरिया पथ. | Prabhat Khabar Network

Kanwariya Route : विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले के दौरान हजारों कांवरिया वाहनों के सुगम परिचालन का जरिया कटोरिया बाइपास मार्ग बारिश के कारण बदहाल हो गया है. गड्ढे और जलजमाव से हादसों का खतरा बढ़ गया है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से शीघ्र मरम्मत की गुहार लगाई है.

विज्ञापन

Kanwariya Route : विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला के दौरान सुल्तानगंज से बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले हजारों कांवरिया वाहनों के सुगम परिचालन के लिए कटोरिया बाजार के मुड़ियारी मोड़ से आंबेडकर नगर होते हुए देवघर रोड तक जाने वाले बाइपास मार्ग का उपयोग किया जाता है. इस मार्ग का उद्देश्य बाजार क्षेत्र में वाहनों का दबाव कम करना और जाम की समस्या से राहत दिलाना है.

लेकिन मेला शुरू होने से पहले ही इस सड़क की बदहाल स्थिति प्रशासन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर रही है.

गड्ढों और जलजमाव से बढ़ा हादसे का खतरा

यह बाइपास मार्ग मुड़ियारी मोड़ से शुरू होकर आंबेडकर नगर होते हुए देवघर रोड स्थित तुरी टोला के पास अनाया पेट्रोल पंप के निकट निकलता है. सड़क के शुरुआती और अंतिम हिस्से में पीसीसी सड़क बनी हुई है, लेकिन बीच का कच्चा हिस्सा पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुका है.

लगातार हो रही बारिश के कारण इन गड्ढों में पानी भर गया है, जिससे वाहनों का आवागमन मुश्किल हो गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो श्रावणी मेला के दौरान दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ सकती है.

हर साल जाम से राहत देता है यह मार्ग

स्थानीय लोगों के अनुसार श्रावणी मेला के दौरान प्रतिदिन हजारों कांवरिया वाहन इस क्षेत्र से गुजरते हैं. अधिकांश वाहन जब बाजार से होकर निकलते हैं तो लगभग हर आधे घंटे पर जाम की स्थिति बन जाती है.

ऐसे में यह बाइपास मार्ग ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. यदि सड़क दुरुस्त कर दी जाए तो बाजार में वाहनों का दबाव काफी हद तक कम किया जा सकता है.

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से लगाई गुहार

मुक्ति निकेतन के सचिव चिरंजीव कुमार सिंह, अनाया पेट्रोल पंप के प्रोपराइटर अजय कुमार सहित कई स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से अविलंब सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है.

उनका कहना है कि श्रावणी मेला शुरू होने से पहले यदि बाइपास मार्ग को दुरुस्त कर दिया जाता है तो कांवरिया श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा का लाभ मिलेगा. साथ ही कटोरिया बाजार में ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होगी और संभावित दुर्घटनाओं पर भी प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा.


विज्ञापन
दीपक चौधरी

लेखक के बारे में

By दीपक चौधरी

दीपक चौधरी प्रिंट माध्यम में 23 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कटोरिया (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन