कचमचिया पातर टोला में जर्जर तारों से फिर लगी आग, ग्रामीणों ने चंदा जुटाकर बदले बिजली के तार

ट्रॉसफॉर्मर के तार निकलता धुआं. | Prabhat Khabar Network
Banka News : कचमचिया पातर टोला में शॉर्ट सर्किट से बिजली के तार जलने से गांव की आपूर्ति ठप हो गई. बिजली विभाग की अनदेखी के चलते ग्रामीणों ने चंदा इकट्ठा कर खुद तारों को बदलवाया.
Banka News : पंजवारा थाना क्षेत्र की लौढ़िया खुर्द पंचायत के कचमचिया पातर टोला में बुधवार सुबह ट्रांसफार्मर के पास हुए शॉर्ट सर्किट से बिजली के तारों में आग लग गई. घटना के बाद पूरे गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई. देर शाम तक बिजली बहाल नहीं होने पर ग्रामीणों ने खुद पहल करते हुए चंदा इकट्ठा कर क्षतिग्रस्त तारों को बदलवाया.
शॉर्ट सर्किट से ठप हुई बिजली आपूर्ति
ग्रामीणों के अनुसार ट्रांसफार्मर के समीप अचानक शॉर्ट सर्किट होने से विद्युत तारों में आग लग गई. इससे पूरे गांव की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई. भीषण गर्मी के बीच दिनभर बिजली नहीं रहने से लोगों को पेयजल, पंखे और अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए भारी परेशानी झेलनी पड़ी.
जर्जर तार बने खतरे की वजह
स्थानीय लोगों का कहना है कि गांव में लंबे समय से जर्जर विद्युत तारों के कारण आए दिन स्पार्किंग और शॉर्ट सर्किट की घटनाएं होती रहती हैं. इससे न केवल बिजली आपूर्ति प्रभावित होती है, बल्कि किसी बड़े हादसे की आशंका भी बनी रहती है.
ग्रामीणों ने चंदा जुटाकर खुद बदलवाए तार
वार्ड सदस्य चुन्ना झा, मनोज कुमार झा, ललन झा, अनिल राणा, गौतम मंडल और कैलाश झा ने बताया कि कई बार शिकायत के बावजूद बिजली विभाग की ओर से समय पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. विभाग की उदासीनता से परेशान होकर ग्रामीणों ने आपस में चंदा जुटाया और ट्रांसफार्मर के पास क्षतिग्रस्त तारों को अपने खर्च पर बदलवाया. इसके बाद देर शाम गांव की बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी.
स्थायी समाधान की उठी मांग
ग्रामीणों ने बिजली विभाग से पूरे क्षेत्र के पुराने और जर्जर विद्युत तारों को जल्द बदलने की मांग की है. उनका कहना है कि अस्थायी मरम्मत के बजाय स्थायी समाधान किया जाए, ताकि भविष्य में आग लगने, शॉर्ट सर्किट और संभावित दुर्घटनाओं से बचाव हो सके तथा उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By गौरव कश्यप
गौरव कश्यप प्रिंट माध्यम में 14 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. पंजवारा (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










