बांका के जबरा गांव में आधी रात घर में लगी भीषण आग, गाय, बाइक और लाखों की संपत्ति जलकर राख

क्षतिग्रस्त घर की तस्वीर. | Prabhat Khabar Network
Jabra Village Fire : बांका जिले के जबरा गांव में गुरुवार देर रात भीषण आग लगने से मछली दाना कारोबारी का घर पूरी तरह जल गया. इस हादसे में एक गाय, बाइक, अनाज और लाखों रुपये की संपत्ति नष्ट हो गई. पीड़ित परिवार ने अपनी जान बचाई और प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है.
Jabra Village Fire : बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र के जबरा गांव में गुरुवार देर रात भीषण आग लगने से मछली दाना कारोबारी का घर पूरी तरह जलकर राख हो गया. घटना में एक गाय, बाइक, साइकिल, मछली दाना, अनाज, इलेक्ट्रॉनिक सामान और घरेलू उपयोग की वस्तुएं नष्ट हो गईं. पीड़ित परिवार ने किसी तरह घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई.
मवेशियों की आवाज से खुली परिवार की नींद
जानकारी के अनुसार, जबरा गांव निवासी अशोक मंडल गुरुवार रात परिवार के साथ भोजन करने के बाद सो रहे थे. देर रात अचानक मवेशियों के जोर-जोर से रंभाने की आवाज सुनकर परिवार की नींद खुली. बाहर निकलकर देखा तो घर में भीषण आग लगी हुई थी और तेज लपटों ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया था.
ग्रामीणों की मदद से पाया गया आग पर काबू
आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर किसी तरह काबू पाया. हालांकि तब तक आग घर के अधिकांश हिस्से और उसमें रखे सामान को पूरी तरह अपनी चपेट में ले चुकी थी.
गाय, बाइक समेत कारोबार के सामान भी जले
इस अगलगी की घटना में एक गाय की मौत हो गई. इसके अलावा बाइक, साइकिल, एलसीडी टीवी, मछली दाना, गेहूं, पंखा, बिजली के उपकरण, बर्तन तथा खाने-पीने का लगभग पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया. अशोक मंडल मछली दाना और उससे संबंधित दवाइयों के कारोबार से जुड़े हैं. आग में व्यापार से संबंधित सामान भी जल जाने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है.
चार लाख रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान
पीड़ित परिवार के अनुसार, इस अग्निकांड में करीब चार लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जलकर राख हो गई है. आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है. हालांकि परिजनों ने आशंका जताई है कि घटना के पीछे आगजनी की भी संभावना हो सकती है.
प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग
पीड़ित अशोक मंडल ने रजौन अंचलाधिकारी को आवेदन देकर घटना की जांच कराने और सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है. ग्रामीणों ने भी प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र राहत राशि देने और आग लगने के कारणों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










