नगर परिषद बांका की सशक्त स्थायी समिति का गठन, रजनीश, विकास और संजय जीते

Published by : SHUBHASH BAIDYA Updated At : 27 May 2026 5:32 PM

विज्ञापन

नगर परिषद बांका की सशक्त स्थायी समिति के गठन को लेकर बुधवार को प्रखंड सभागार में चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराया गया.

विज्ञापन

अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाची पदाधिकारी राजकुमार की देखरेख में संपन्न हुआ चुनाव

बांका. नगर परिषद बांका की सशक्त स्थायी समिति के गठन को लेकर बुधवार को प्रखंड सभागार में चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराया गया, जिसमें रजनीश कुमार सिंह, विकास चौरसिया व संजय कुमार विजेता घोषित किये गये. इसके साथ ही ये सभी सशक्त स्थायी समिति के सदस्य बन गये. जानकारी के मुताबिक, यह चुनाव निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी राजकुमार की देखरेख में हुआ. तीन सदस्यीय सशक्त स्थायी समिति के लिए कुल सात वार्ड पार्षदों ने नामांकन किया था. मतदान के बाद तीनों ग्रुप से विजयी उम्मीदवारों को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया. चुनाव में कुल तीन वोट रद्द भी हुए. ज्ञात हो कि चुनाव को लेकर पूरा गहमागहमी था. प्रशासन की ओर से दंडाधिकारी व पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी थी. हालांकि, यह चुनाव शांतिपूर्ण वातावरण में सपन्न हो गया. एक-दूसरे प्रतिद्वंदि वार्ड सदस्यों ने भी बधाई दी.

इनके बीच हुआ मुकाबला

पहले ग्रुप में वार्ड संख्या छह की वार्ड पार्षद सरिता देवी व वार्ड संख्या 12 के पार्षद विकास चौरसिया के बीच मुकाबला हुआ. मतदान में सरिता देवी को नौ वोट मिले, जबकि विकास चैरसिया को 14 मत प्राप्त हुए. एक मत अमान्य यानी रद्द घोषित किया गया. इस प्रकार विकास चौरसिया विजयी घोषित किए गये. दूसरे ग्रुप में वार्ड संख्या सात के पार्षद रजनीश कुमार सिंह, वार्ड संख्या 20 के पार्षद राजीव कुमार तथा वार्ड 18 के पार्षद अभिषेक आनंद मैदान में थे. मतदान में रजनीश कुमार सिंह को 10 मत प्राप्त हुए. राजीव कुमार को नौ एवं अभिषेक आनंद को चार वोट मिले. एक मत अमान्य रहा. अधिक मत प्राप्त होने पर रजनीश कुमार सिंह ने जीत दर्ज की. तीसरे ग्रुप में वार्ड संख्या 25 के पार्षद संजय कुमार और वार्ड संख्या 19 के पार्षद मुबारक अंसारी के बीच सीधा मुकाबला हुआ. इसमें संजय कुमार को 15 मत मिले, जबकि मुबारक अंसारी को आठ वोट से संतुष्ट करना पड़ा. इस ग्रुप के चुनाव में भी एक मत अमान्य घोषित किया गया. इस प्रकार अधिक मत लाने वाले संजय कुमार विजयी घोषित किए गये.

चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी राजकुमार ने सभी विजयी उम्मीदवारों को प्रमाण पत्र सौंपा और पद एवं गोपनियता की शपथ दिलायी. नगर परिषद बांका में सशक्त स्थायी समिति के गठन के बाद नगर विकास से जुड़े कार्यों को और गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है. ज्ञात हो कि सशक्त स्थायी समिति के पास इतनी शक्ति प्रदान की गयी है कि बोर्ड की बैठक के बिना भी यह किसी भी निर्णय को लागू करने में सक्षम हो सकते हैं. बहरहाल, चुनाव परिणाम सार्वजनिक होने के बाद विजयी उम्मीदवार के समर्थकों ने अपने नेता को फूलमाला पहनाकर और मिठाई खिलाकर अभिनंदन किया.

विज्ञापन
SHUBHASH BAIDYA

लेखक के बारे में

By SHUBHASH BAIDYA

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन