गरीब बेटियों के विवाह में सहारा बना ''आशा पायल'', चार कन्याओं को दी विदाई सामग्री

Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 02 Jun 2026 11:04 AM

विज्ञापन

Banka News : बांका जिले में एक स्वयंसेवी संस्था ने न केवल गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग का हाथ बढ़ाया, बल्कि बाल विवाह और दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी जागरूकता का संदेश दिया. संस्था की इस पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है.

विज्ञापन

जयपुर (बांका) से लक्ष्मण कुमार मंटु की रिपोर्ट

Banka News : आशा पायल फाउंडेशन द्वारा बांका जिले के विभिन्न गांवों में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की विवाह योग्य बेटियों को विदाई सामग्री प्रदान कर सामाजिक सहयोग का उदाहरण पेश किया जा रहा है. इसी कड़ी में जयपुर क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान चार गरीब कन्याओं को आवश्यक घरेलू और वैवाहिक सामग्री उपलब्ध कराई गई. कार्यक्रम में बाल विवाह और दहेज प्रथा के खिलाफ लोगों को जागरूक भी किया गया.

चार जरूरतमंद कन्याओं को मिला सहयोग

संस्था की ओर से बाबूमहल गांव निवासी कांग्रेस दास की पुत्री रवीना कुमारी, दामोदरा गांव निवासी महेंद्र यादव की पुत्री अंजनी कुमारी, सलैया गांव निवासी जीवालाल मुर्मू की पुत्री सरिता मुर्मू तथा गोंदरा गांव निवासी बालेश्वर यादव की पुत्री मनीता कुमारी को विदाई सामग्री प्रदान की गई. इस सहयोग से लाभुक परिवारों को विवाह की तैयारियों में राहत मिली.

विदाई सामग्री में शामिल रहे जरूरी सामान

संस्था द्वारा दी गई सामग्री में ट्रंक, तोसक, तकिया, रजाई, बेडशीट, स्टील बर्तन सेट, वर-वधु के वस्त्र, चुनरी और श्रृंगार प्रसाधन सहित कई आवश्यक सामान शामिल थे. लाभार्थी परिवारों ने संस्था की इस पहल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे गरीब परिवारों के लिए बड़ी मदद बताया.

बाल विवाह और दहेज प्रथा के खिलाफ संदेश

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को बाल विवाह और दहेज प्रथा जैसी सामाजिक बुराइयों के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई. संस्था के प्रतिनिधियों ने कहा कि समाज के विकास के लिए इन कुरीतियों का उन्मूलन आवश्यक है और इसके लिए सामूहिक जागरूकता बेहद जरूरी है.

गरीब परिवारों को सहयोग करना है उद्देश्य

आशा पायल फाउंडेशन के बिहार-झारखंड प्रभारी सह बांका जिला प्रबंधक जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग करना और समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है. उन्होंने कहा कि संस्था आगे भी जरूरतमंद परिवारों की मदद और सामाजिक जागरूकता अभियान जारी रखेगी.

सामाजिक सरोकार की मिसाल बनी पहल

कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की पहल समाज में सकारात्मक संदेश देती है. इससे जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक और मानसिक संबल मिलता है तथा सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जनजागरण को भी बल मिलता है.

कई गणमान्य लोग रहे मौजूद

विदाई सामग्री वितरण कार्यक्रम में संस्था के कार्यकर्ता दीपक कुमार सिंह, कैलाश यादव सहित कई स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे. सभी ने इस पहल को समाजहित में महत्वपूर्ण बताते हुए ऐसे कार्यों को निरंतर जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया.

विज्ञापन
AMIT KUMAR SINH

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन